तीनों विधानसभा की नब्ज़ टटोलने छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी ओम माथुर पहुंचे कोरिया
भाजपा कोर ग्रुप की अलग अलग ली बैठक, रायशुमारी कर कार्यकर्ताओं को किया रिचार्ज
बैकुंठपुर। अविभाजित कोरिया जिले की तीनों विधानसभा की नब्ज़ टटोलने छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी ओम माथुर हेलीकाप्टर से शनिवार को कोरिया जिला पहुंचे। श्री माथुर के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव एवं सरगुजा संभाग प्रभारी संजय श्रीवास्तव भी थे। सभी का भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। कोरिया प्रवास पर पहुंचे ओम प्रकाश माथुर एवं भाजपा नेताओं ने अविभाजित कोरिया जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कोर ग्रुप की अलग अलग बैठक ली। बैठक में रायशुमारी के बाद उन्होंने भाजपा जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं को रिचार्ज किया। कोरिया आते ही भाजपा प्रदेश प्रभारी श्री माथुर ने सबसे पहले प्रेस वार्ता ली। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की  गरीब कल्याण योजनाओं के प्रचार प्रसार के साथ जिन्हें इनका लाभ मिला उन तक भाजपा कार्यकर्ता पहुंच रहे है। बूथ सशक्तिकरण का काम करने के साथ ही भाजपा  कोर कमेटी की सदस्यों के साथ बैठकर संभावित उम्मीदवारों की  रायशुमारी और उनको दिए काम की जानकारी लेने के लिए आया हूँ। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के भ्रष्टाचार को भाजपा लगातार उजागर कर रही है। कांग्रेस के 75 पार के दावे पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में ऐसा दावा कोई भी कर सकता है।  वो 75 ही नही 90 भी पार की बात कर सकते है, पर सरकार हमारी ही बनेगी। कोरिया एवं एमसीबी जिले के विधानसभा उम्मीदवारों  के सवाल पर उन्होंने कहा कि जिस तरह सरगुजा में 5 कैंडिडेट घोषित किये गए है। उसी फॉर्मूले पर ही नया हो या पुराना जितने वाले उम्मीदवार को ही टिकट दिया जाएगा।
केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह के भरतपुर सोनहत विधानसभा से उम्मीदवारी के संबंध में सोशल मीडिया पर फैली एक खबर को लेकर कहा कि सोशल मीडिया का जवाब नही दूंगा, सोसल मीडिया कुछ भी कर सकती है। बुलडोजर के सवाल पर उन्होंने कहा कि बुलडोजर को मीडिया ने हाईलाइट किया है। हमारी कोई नीति नही है पर कोई लॉ एंड आर्डर को बिगड़ेगा तो बुलडोजर से भी आगे जाने की सोच सकते है। ईडी के छापे के सवाल पर उन्होंने कहा कि ईडी एक संवैधानिक संस्था है वो अपना काम कर रही है, यूपीए 01 और यूपीए 02 में भी छापे पड़ते रहे हैं। मुख्यमंत्री के चेहरे पर चुनाव लडने के सवाल पर श्री माथुर ने कहा कि इसका फैसला भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व और संसदीय बोर्ड करता है।

Categorized in: