ऑनलाइन नीलामी के बाद गुप्त क्रेप उठाव, शासन को आर्थिक क्षति पहुंचाने का आरोप 

अंबिकापुर। सूरजपुर जिला में स्थित मां महामाया शक्कर कारखाना केरता में स्क्रेप नीलामी में भारी गड़बड़ी कर शासन को करोड़ों रुपये की आर्थिक क्षति पहुंचाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में ‘अमन एसोसिएट्स, महंगवा’ के संचालक ने कलेक्टर को लिखित शिकायत देकर विशेष जांच दल गठित कर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता ने बताया है कि, कारखाने में विगत दिनों 20 टन स्क्रेप की ऑनलाइन नीलामी की गई थी। नीलामी के बाद उसी पार्टी द्वारा 6 अगस्त को एक वाहन में 24 टन स्क्रेप का उठाव कर लिया। आरोप है कि पुन: उसी पार्टी को कारखाने का शेष स्क्रेप सामग्री गुप्त तरीके से देने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए 9 अगस्त को वाहन भी लगाया गया था। शिकायत में कहा गया है कि बिना दूसरी टेंडर प्रक्रिया के स्क्रेप उठाने से शासन को करोड़ों रुपये की क्षति पहुंचाई जा रही है।

विशेष जांच टीम गठित करने की मांग  

शिकायतकर्ता ने मांग की है कि, कारखाने में लगे सीटीवी फुटेज और वाहन एंट्री के समय के रजिस्टर की जांच कराई जाए। साथ ही बिना टेंडर के स्क्रेप उठाने की अनुमति किसने दी, इसकी भी जांच हो। कलेक्टर से मांग की गई है कि विशेष जांच दल गठित कर प्रबंधक एवं अन्य दोषी अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। साथ ही शेष स्क्रेप की नीलामी के लिए पुन: निष्पक्ष रूप से निविदा आमंत्रित की जाए। मामले में अभी तक कारखाना प्रबंधन की ओर से कोई अधिकारिक बयान फिलहाल नहीं आया है।

Categorized in: