राजस्व अधिकारियों को गांव में तलब किया, ग्रामीणों से हुए रूबरू
अंबिकापुर। शहर से लगे ग्राम पंचायत खैरबार को वन ग्राम से राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग लम्बे समय से ग्रामीण कर रहे हैं पर यह छत्तीसगढ़ का ऐसा पंचायत है जो राजस्व रिकॉर्ड से ही गायब है। इसे लेकर काफी दिनों से कवायद हो रही है पर अंतिम सूचना प्रकाशन के बावजूद खैरबार राजस्व ग्राम घोषित नहीं हो पाया है। इसे लेकर सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज शनिवार को ग्राम खैरबार पहुंचे और पंचायत भवन में चैपाल लगाई। ग्रामीणों से बातचीत करने के बाद उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को तलब किया और पूरे रिकॉर्ड के साथ वन ग्राम से राजस्व ग्राम किए जाने की प्रक्रिया की जानकारी ली।
राजस्व अधिकारियों ने अवगत कराया कि लगभग सभी प्रक्रियाएं पूरी हो गई है। प्रथम सूचना प्रकाशन के बाद दावा-आपत्ति आया, जिसका निराकरण भी कर दिया गया है। कुछ प्रकरण न्यायालय में लंबित हैं, इस कारण उसे निराकृत नहीं किया जा सका है किंतु सामान्य आपत्तियों को दूर कर अंतिम प्रकाशन भी हो चुका है। अब इसे राज्य शासन को भेजा जाना है ताकि यह गजट नोटिफिकेशन में आ जाए और राजस्व ग्राम घोषित हो जाए। सांसद चिंतामणि महाराज ने मौके पर मौजूद एसडीएम फागेश सिन्हा, अधीक्षक भू अभिलेख सहित राजस्व अमले को निर्देशित किया कि अंबिकापुर शहर के सबसे नजदीक का ग्राम इतनी गंभीर समस्या से जूझ रहा है, इसे तत्काल दुरुस्त किया जाए और राजस्व ग्राम घोषित किया जाए। सांसद ने इसे लेकर कलेक्टर विलास भोसकर से भी बातचीत की है।
बता दें कि पहली बार ग्राम पंचायत खैरबार को वन ग्राम से राजस्व ग्राम घोषित करने किसी जनप्रतिनिधि ने पहल की है और इस मामले को लेकर सीधे गांव पहुंचकर ग्रामीणों के साथ राजस्व अधिकारियों कर्मचारियों से चर्चा की है। सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा है कि यह काफी बड़ी पंचायत है। ग्रामीणों को कई समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। कई प्रकार के प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे हैं। भूमि की खरीद-बिक्री नहीं हो पा रही है, लंबे समय से यहां के लोग परेशान हैं। राजस्व ग्राम घोषित होने के बाद क्षेत्र का विकास भी होगा।
ग्रामीणों ने बताई समस्याएं
सांसद चिंतामणि महाराज से ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं भी बताईं। ग्राम में असामाजिक तत्वों की दखल और वन भूमि पर बेतहाशा कब्जे की भी जानकारी दी। मौके पर उन्होंने अधिकारियों को तलब कर वन भूमि पर हो रहे अतिक्रमण हटाने और ग्राम पंचायत में शांति सुरक्षा बनाए रखने निर्देशित किया है।

Categorized in: