कन्नौज के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के धरमगंदपुर गांव में दो बच्चों की मां ने प्रेमी की मदद से पति की धारदार हथियारों से हत्या कर दी और शव खेत में छोड़कर दोनों घर चले गए। मंगलवार सुबह शव मिलने पर एएसपी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूछताछ की। पहले को पत्नी ने अनजान बन दिखाया कि उसे हत्या के बारे में नहीं पता। बाद में सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने हत्या की बात कबूल कर ली है।

धरमगंदपुर निवासी मनोज पाल का शव सुबह घर से दो किमी दूर फिरोजपुर में खेत में लहूलुहान पड़ा मिला। सूचना पर पत्नी मौके पर पहुंची और पति की हत्या की तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कर ली। मौके पर पहुंचे एएसपी डॉ. अरविन्द कुमार ने ग्रामीणों से पूछताछ की तो अवैध संबंधों का मामला सामने आया। इस पर पत्नी संध्या का मोबाइल सर्विलांस पर लगाया तो कई दिनों से संध्या के फोन पर एक ही नंबर से कई कॉल मिली। एसओजी टीम की जांच में पता चला कि यह नंबर फिरोजपुर गांव के युवक का है।

पुलिस को छानबीन में पता चला कि फिरोजपुर के युवक से महिला की दोस्ती हुई। उससे लंबे समय तक फोन पर बात होने लगी। इस दौरान दोनों ने फैसला किया कि महिला के पति की हत्या कर रास्ते से हटाया जाए। दोनों ने प्लानिंग की और महिला ने अपने पति को खेत में बुलाकर प्रेमी की मदद से उसे मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव वहीं छोड़कर दोनों चले गए। खेत में शव पड़ा देख वहां से गुजरने वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

पुलिस शव की शिनाख्त के बाद मृतक के घर पर जानकारी देने पहुंची तो उसकी पत्नी मिली। पुलिस से जानकारी मिलने पर महिला शव के पास गई और रोने का नाटक भी किया जिससे पुलिस को शक न हो। इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच करनी शुरू की। गांव वालों ने महिला के संबंधों की पोल खोली तो पुलिस को महिला पर शक हुआ और इससे महिला पकड़ में आई। पुलिस ने युवक व संध्या को हिरासत में लेकर पूछताछ की। क्षेत्राधिकारी शिवप्रताप सिंह ने बताया कि पूछताछ में महिला ने हत्या की बात कबूल कर ली है। प्रेमी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Categorized in: