लुण्ड्रा। विकासखंड के ग्राम पंचायत चितरपुर के ग्रामीण बीते 16 जून को भीगते पानी में लम्बी दूरी तय करके एडीएम कार्यालय धौरपुर पहुंचे थे और शासकीय उचित मूल्य दुकान से चावल नहीं मिलने का आरोप लगाकर घेराव किया था। इसे संज्ञान में लेते हुए विधायक प्रबोध मिंज के निर्देश पर जनपद अध्यक्ष कृष्णा पावले के नेतृत्व में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अभिषेक पावले, अमित गुप्ता सहित धौरपुर भाजपा मंडल के पदाधिकारी ग्राम चितरपुर पहुंचे। वहीं खाद्य निरीक्षक भी गांव पहुंचकर राशन वितरण सही नहीं होने की शिकायत की वास्तविकता से रूबरू हुए।

राशन दुकान का संचालन कर रहे महिला स्वयं सहायता समूह व ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान खाद्य निरीक्षक की जांच में सामने आया कि राशन वितरण में अनियमितता बरती जा रही है। खाद्य निरीक्षक गौर सिंह जात्रे ने बताया कि उक्त स्वयं सहायता समूह पर पहले से ही जांच चल रही है। इस दौरान एक माह के राशन स्टॉक की कमी सामने आई। इसके अलावा सर्वर में बाधा की बात सामने आई। कभी-कभी तो दिनभर मशीन का सर्वर बंद रहता है, जिस कारण थम्ब मशीन काम नहीं करता है। एक दिन में 40 से 50 हितग्राहियों का ही मशीन में थम्ब लेने के कारण वितरण कार्य में बाधा की स्थिति बन रही है। इन सबके बीच जनपद अध्यक्ष ने खाद्य निरीक्षक को जांच प्रक्रिया पूरी करके उचित कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
जनपद अध्यक्ष एवं मंडल उपाध्यक्ष अभिषेक पावले ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि राजनीतिक षड्यंत्र के तहत कांग्रेस के तथाकथित लोगों ने दर्जनों व्यक्तियों को राशन नहीं मिलने की बात कहते हुए शासन की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया और बगैर सच्चाई जाने हड़ताल, धरना करने की चेतावनी देते हुए भोले-भाले आदिवासियों को बरगलाकर बारिश में भीगते हुए पैदल धौरपुर ले जाया गया, जो राजनीतिक साजिश व वाहवाही लूटने की नाकाम कोशिश मात्र है, इन्हें साथ में ले जाने वाले लोगों के पास चारपहिया वाहन है। भाजपाइयों ने खाद्य निरीक्षक की उपस्थिति में पूरे तीन माह के राशन का वितरण ग्रामीणों को कराया है। कुछ ग्रामीणों का आरोप था कि वितरणकर्ता समूह के सदस्य कथित तौर पर तीन की जगह दो माह का ही राशन बांट रहे थे, जिस पर खाद्य निरीक्षक ने कहा मामले की भी जांच चल रही है और जल्द ही कार्रवाई से अवगत करा दिया जाएगा।

Categorized in: