उदयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे विधायक ने मरीजों से की मुलाकात, बीएमओ को दिए आवश्यक निर्देश

 

गिरिजा ठाकुर


अंबिकापुर। अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल लगातार चौथे दिन शनिवार को विधानसभा क्षेत्र के उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने बीएमओ सहित कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। साथ ही कर्मचारी-अधिकारी से अपने व्यवहार में सुधार लाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा शव वाहन नहीं रहने पर तत्काल किराए के वाहन से शव के साथ स्वजनों को रवाना करने में सहयोग करें। विधायक ने कहा इसका जो खर्च आएगा, उसे वे स्वयं वहन करेंगे।

विधायक राजेश अग्रवाल क्षेत्र ने उदयपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों से भी मुलाकात की और व्यवस्था में सुधार करने के कई निर्देश दिए। प्रसव कक्ष में बाथरूम की स्थिति ठीक नहीं होने पर सख्त लहजे में बीएमओ डॉ. बीएन जयंत से कहा बाथरूम की स्थिति में जल्द से जल्द सुधार लाया जाए। अस्पताल में भर्ती किए गए मरीजों और उनके स्वजनों से भी भेंट मुलाकात कर व्यवस्था के बारे में उन्होंने जायजा लिया। उन्होंने किसी प्रकार की स्वास्थ्य सुविधा को लेकर दिक्कत न हो, इसका विशेष ख्याल रखने कहा। दुर्घटना में घायल मरीजों को तत्काल प्राथमिक उपचार की सुविधा देने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा समय पर कर्मचारी एवं डॉक्टर उपस्थित रहें, जिससे मरीजों को हरसंभव मदद मिल सके। निरीक्षण के दौरान उदयपुर मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह, दिनेश साहू, विनोद हर्ष, राधेश्याम ठाकुर, चंद्रबसु यादव, कल्पना भदौरिय, दिनेश बारी, राकेश अग्रवाल, रवि अग्रवाल, आशीष, सचिन, अमित बारी, महमूद खान, तरबेज आलम उपस्थित रहे।

ρ
दुर्व्यवहार नहीं करेंगे बर्दास्त
विधायक राजेश अग्रवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निरीक्षण दौरान मरीजों के माध्यम से सामने आने वाली बातों को सुनकर कहा मरीजों के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मरीजों के स्वजन के साथ अस्पताल के सभी कर्मचारी मधुर संबंध बनाकर रखें, जिससे स्वास्थ्य की सेवा बेहतर हो सके। उन्होंने अन्य विषयों पर भी गंभीरता से चर्चा की और कहा कि मरीजों को भोजन गुणवत्ता के अनुरूप मिले। अस्पताल में मीनू के विपरीत भोजन परोसते देखकर उन्होंने स्पष्ट कहा कि भोजन गुणवत्ता युक्त और मीनू के अनुरूप मरीजों को दिया जाए।

Categorized in: