वेद प्रकाश मिश्र

बिश्रामपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर पर्यटन स्थल के समीप अज्ञात मिनी ट्रक चालक ने बाइक सवार को रौंद दिया। दुर्घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। गौरतलब है कि बिश्रामपुर नगर पंचायत वार्ड क्रमांक 15 आरटीआई हनुमान मन्दिर के सामने के निवासी दुर्गा प्रसाद गुप्ता का पुत्र करीब 26 वर्षीय संजय कुमार गुप्ता हीरो स्प्लेंडर बाइक क्रमांक सीजी 15 ईए 2617 में अंबिकापुर से अपने घर लौट रहा था। तभी जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जयनगर-तेलईकछार के सरहद पर एनएच 43 किनारे स्थित पर्यटन स्थल के समीप रविवार को करीब साढ़े तीन बजे अज्ञात मिनी ट्रक चालक ने तेज व लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक सवार को रौंद दिया। दुर्घटना में बाइक सवार संजय कुमार शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई है। सूचना पर जयनगर थाना से सहायक उपनिरीक्षक वरुण तिवारी, रघुवंश सिंह प्रधान आरक्षक मुकेश्वर वर्मा, आरक्षक नीरज झा तत्काल दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर शव पंचनामा तैयार कर शव को पीएम हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिश्रामपुर ले गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मिनी ट्रक चालक बिश्रामपुर की ओर से अचानक पर्यटन स्थल के सामने तिराहा के पास वाहन को मोड़ते हुए बाइक सवार को वाहन की चपेट में ले लिया, जिससे उक्त दुर्घटना घटित हुई है। घटना के बाद मिनी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस द्वारा मामले में अज्ञात मिनी ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि मृतक बाइक सवार संजय कुमार शर्मा के पिता का बिश्रामपुर में आरटीआई हनुमान मंदिर के समीप एक किराना व सायकल दुकान है और मृतक किसी एक कंपनी में अंबिकापुर में काम करता है जो सँभवतः अपने काम को पूर्ण कर ही वापस घर लौट रहा था। मामले में पुलिस विवेचना पूर्ण होने के बाद ही वस्तुस्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

तिराहे पर बने ब्रेकर

घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने कहा कि पर्यटन स्थल के सामने तिराहे के पास एनएच 43 पर एक ब्रेकर की नितांत आवश्यकता है। यहां पर तिराहे के पास आएदिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं घटित होती रहती है। वाहन चालकों की रफ्तार भी काफी ज्यादा होने से हमेशा अनहोनी का खतरा बना रहता है।

Categorized in: