बैकुंठपुर व खान बचाव केन्द्र मनेंद्रगढ़ के दमकल कर्मियों ने पाया आग में काबू 
मनेन्द्रगढ (एमसीबी) । मनेंद्रगढ़ शहर से लगे चैनपुर इलाके में स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में अज्ञात कारणों से बीती रात भीषण आग लग गई जिससे अफरा तफरी का माहौल निर्मित हो गया। भीषण आग लगने से फैक्ट्री में रखी प्लास्टिक सामग्री जलकर राख हो गई, वहीं एक वाहन भी आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया। सूचना पर बैकुंठपुर और खान बचाव केन्द्र मनेंद्रगढ़ की फायर ब्रिगेड की टीमों ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया तब कहीं जाकर राहत की सांस ली गई। चर्चा का विषय यह रहा कि बैकुंठपुर से दमकल वाहन आग बुझाने पहुंच गया लेकिन  नगरपालिका परिषद मनेंद्रगढ़ की दमकल गाड़ी नहीं पहुंच सकी। नगरपालिका प्रशासन के इस उदासीन रवैया से लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। प्लास्टिक फैक्ट्री में आग लगने की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली  पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है। प्लास्टिक फैक्ट्री में किन कारणों से आग लगी कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस द्वारा मामले को जांच कार्यवाही में लिया गया है।

Categorized in: