बिश्रामपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग  क्रमांक 43 पर आज अल सुबह ट्रक व इको कार में आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में इको कार सवार 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि 2 युवतियां व 1 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस द्वारा सभी को कार से निकालकर बिश्रामपुर व सुरजपुर अस्पताल ले जाया गया। यहां 3 घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने अंबिकापुर अस्पताल रेफर कर दिया है। 
पुलिस ने दुर्घटनाकारी ट्रक को जब्त कर लिया है। बिश्रामपुर पुलिस ने बताया कि रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परशुरामपुर निवासी 30 वर्षीय रामबकश गोंड़ पिता बेसाहू राम विजयादशमी के दिन अपने पत्नी व परिवार को परशुरामपुर में आयोजित विजयादशमी मेला से शाम को वापस घर पहुंचाने की बात कहकर गांव के ही ब्रह्मानंद यादव पिता श्यामलाल से इको कार क्रमांक सीजी 15 ईसी 2691 को लेकर गया था। इसके पश्चात रामबकश गोंड़ ने परिवार को घर देर रात पहुंचाकर रात करीब दो बजे पुनः घर से निकल गया था। इसके पश्चात रामबकश गोंड़ गांव के ही 32 वर्षीय देवराम गोंड़ पिता हुलास राम यादव व 33 वर्षीय रवि नारायण गोंड़ पिता आदित्य नारायण के साथ गांव से रात करीब 2 बजे निकला था। कार में उन्होंने 2 युवतियां क्रमशः सुलेखा बाई व नान बाई को भी बैठाया था। पांचों कार में सवार होकर बिश्रामपुर की ओर आ रहे थे। रविवार की सुबह करीब 5.30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 43 पर ग्राम पंचायत केशवनगर के पास पहुंचे ही थे। तभी बिश्रामपुर की ओर से तेज रफ्तार में सुरजपुर की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक सीजी 10 बीएम 9433 के चालक ने विपरीत दिशा से जबरदस्त टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रामबकश गोंड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक देव राम यादव, रवि नारायण व दोनों युवतियों को गंभीर चोट आने पर पुलिस द्वारा तत्काल घायलों को जिला अस्पताल सुरजपुर भिजवाया गया। जहां देवराम यादव की भी जिला अस्पताल सूरजपुर में मौत हो गई। अन्य गंभीर रूप से घायल रवि नारायण गोंड व दोनों युवतियों को सुरजपुर से अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है। भीषण सड़क हादसे में इको कार के परखच्चे उड़ गए हैं। दुर्घटना उपरांत ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया है, जिस पर पुलिस ने दुर्घटनाकारित ट्रक को थाना लाकर खड़ा करा दिया है। साथ ही इको कार को मौके पर ही सड़क किनारे करा दिया है। घायल कार सवार युवतियां कहां की हैं, उनका पता फिलहाल नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत परशुरामपुर निवासी रामबकश गोंड़ गांव के ही ब्रह्मानंद यादव पिता श्यामलाल के घर ट्रैक्टर चलाता था। ब्रह्मानंद यादव अपने रिश्तेदार उदयपुर के ग्राम पंडरीपानी निवासी सोनू यादव की इको कार को अपने पास रखा था। मृतक रामबकश गोंड़ दोस्तों व युवतियों के साथ बिश्रामपुर की ओर क्यों आ रहा था, ये जांच का विषय है।
घंटे भर फंसा रहा युवक का शव
पुलिस ने बताया कि इको कार चालक रामबकश गोंड़ का शव वाहन में बुरी तरह फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत उपरांत बाहर निकालकर शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिश्रामपुर भेजकर पीएम कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक चालक काफी तेज गति में वाहन को चला रहा था, जिससे नियंत्रण खोने की वजह से उक्त दुर्घटना घटित हुई है। 
त्यौहार की खुशियां मातम में बदली
बताया जा रहा है कि मृतक रामबकश गोंड़ ने मध्य रात्रि जब घर से निकला और दुर्घटना का शिकार हो गया तब परिवार में विजयादशमी पर्व की खुशियां मातम में बदल गई। यहां पर गांव के दो युवकों के एक साथ दुर्घटना में मौत होने से गांव में मातम पसर गया है।

Categorized in: