घर का दरवाजा खोलवाने की मंशा पूरी नहीं हुई तो चौकीदार का मोबाइल लेकर भागे
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर हथियार से लैस नकाबपोश बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की, लेकिन असफल रहे। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटनाक्रम सीसीटीवी में कैद है, जिसमें 4 नकाबपोश चौकीदार को कवर करने के बाद घर का दरवाजा खुलवाने का प्रयास करते नजर आ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम राधापुर निवासी व्यवसायी राजेंद्र अग्रवाल, राइस मिल और ईंट भट्टे का कारोबार करते हैं। 17 मार्च की रात को वे अपने पूरे परिवार के साथ घर में थे। रात करीब 9.20 बजे मुख्य द्वार को खोलकर तीन नकाबपोश उनके मकान में प्रवेश किए और अंदर आते ही उन्होंने कट्टे की नोक पर बाहर मौजूद चौकीदार को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद चौकीदार पर घर का दरवाजा खुलवाने के लिए दबाव बनाकर कुछ देर तक उसे धमकाते रहे। परिवार के अन्य सदस्यों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। बदमाशों को साजिश में असफल होने का एहसास हुआ और वे चौकीदार का मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सीतापुर थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला। आरोपियों के तलाश में पुलिस टीम जुट गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक इनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास व इनके आने-जाने वाले मार्ग के अन्य सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाल रही है। घटना के बाद एक बार फिर इलाके में पुलिस की मुस्तैदी बढ़ गई है, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने अपने सूचनातंत्र को भी एलर्ट किया है जिससे संदिग्ध लोगों की जानकारी मिल सके। बता दें कि सीतापुर थाना क्षेत्र में इसके पहले भी पूरे परिवार को बंधक बनाकर अज्ञात लोगों ने डकैती की बड़ी घटना को अंजाम दिया था, लेकिन आरोपियों का पता नहीं चल पाया है। एक माह के अंतराल में पुन: बदमाशों ने जिस प्रकार घटना को अंजाम देने की कोशिश की गई, इससे पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है।

Categorized in: