ताबड़तोड़ हमले में युवक की अंतड़ी बाहर निकली, चिकित्सकों को प्राणरक्षा के लिए देर रात किया ऑपरेशन

अंबिकापुर। शहर के सत्तीपारा में गुरुवार की रात करीब 10.30 बजे चार-पांच लोगों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। युवक की अंतड़ी बाहर निकल गई है, उसे गंभीर स्थिति में मेेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती किया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ऑपरेशन कर आईसीयू में भर्ती किया है। सूचना पर कोतवाली पुलिस रात में ही मौके पर पहुंची। पुलिस आरोपियों की तलाश में है। प्राणघातक हमले का कारण नशीले पदार्थ की खरीद-बिक्री के दौरान विवाद बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार शहर के नमनाकला मोहल्ले में रहने वाला आशुतोष चौबे पिता आंकार चौबे 28 वर्ष, गुरुवार की रात को अपने रिश्ते के भाई केदारपुर निवासी शुभम मिश्रा के घर में था। दोनों वहीं पर खाना-पीना किए। रात करीब 10.30 बजे आशुतोष अपने घर जाने निकला था। उसे घर छोड़ देने की बात कहते शुभम भी साथ में हो लिया। दोनों घर न जाकर सत्तीपारा की ओर चले गए। सत्तीपारा रोड में चार-पांच लोग खड़े थे। शुभम पहले ही बाइक से उतर गया, आशुतोष सड़क पर खड़े लड़कों के पास मिलने चला गया। यहां पर किसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बनी और बदमाशों ने ईंट से आशुतोष के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू से शरीर के सात अलग-अलग जगहों में चोटें आई हंै। बाएं साइड में पेट में चाकू लगने से अंतड़ी बाहर निकल गई है। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रवाना किया।

चिकित्सकों ने रात में किया ऑपरेशन
पेट में चाकू लगने से बाहर आई अंतड़ी और आशुतोष की खराब स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सर्जन चिकित्सक डॉ. नितिश रॉय व अन्य चिकित्सकों की टीम ने रात में ही उसका ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

आरोपियों की तलाश में लगी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने पर ही नगर पुलिस अधीक्षक व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इनके द्वारा आरोपित युवकों की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि गांजा के कारोबारी के द्वारा किसी बात को लेकर युवक पर प्राणघातक हमला किया गया है।

Categorized in: