अंबिकापुर। जेसीबी वाहन के चालक का मोटरसायकल मांगकर ले गया दोस्त वापस नहीं लौटा। गाड़ी की डिक्की में जेसीबी चालक अपने वेतन का नगद रकम 55 हजार रुपये भी रखा था। दो घंटे बाद भी जब मोटरसायकल लेकर गया युवक वापस नहीं आया तो वह इसकी जानकारी मणिपुर थाना पुलिस को दिया है। रिपोर्ट पर पुलिस केस दर्ज करके अग्रिम जांच कार्रवाई में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक झारखंड के कोडरमा जिला, थाना जयनगर अंतर्गत ग्राम तमाय का महताब आलम पिता मो. सहादत हुसैन 34 वर्ष जेसीबी चालक है, जो वर्तमान में बिशुनपुर अंबिकापुर में दुर्योधन यादव के लगभग 3-4 माह से रहकर जेसीबी चलाने का काम कर रहा है। इसके साथ में बिहार के ग्राम रोआरी शिकारपुर थाना के बेतिया वेस्ट चम्पारन का सिकन्दर कुमार पिता नन्द किशोर चैधरी 23 वर्ष रहकर साथ में काम करता है। महताब आलम को 10 सितम्बर 2024 को तीन माह का वेतन 54 हजार रुपये मिला था और 1000 रुपये उसके पास पहले का शेष था। 55 हजार रुपये वह अपने मोटरसायकल एचएफ डीलक्स क्रमांक सीजी 15 डीजेड 2573 के डिक्की में रखा था। साथ में काम करने वाले दोस्त सिकन्दर ने उसे घर जाते देखकर कहा कि चलो तुम्हारे साथ मैं अपने गांव चले जाऊंगा। इसके बाद जैसे ही वे बिलासपुर चैक पहुंचे तो सिकन्दर गाड़ी का चाभी एक आदमी से पैसा लेकर आने की बात कहकर मांगा, इसके बाद वापस नहीं आया। दो घंटा तक जब वह गाड़ी लेकर नहीं आया तो महताब आलम उसके मोबाइल में फोन लगाया, जो स्विच ऑफ बता रहा था। इसकी जानकारी वह अपने मालिक को देने के बाद इसकी शिकायत मणिपुर थाना में किया था। पांच माह पुराने मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

Categorized in: