बिश्रामपुर। मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जयनगर पुलिस को रविवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। ग्राम पंचायत जमदेई तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बोलेरो वाहन से 80 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत करीब 24 लाख रुपए आंकी जा रही है। इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया है। जयनगर पुलिस ने बताया कि रविवार को वाहन जांच अभियान पुलिस टीम द्वारा चलाया जा रहा था। इसी दौरान लखनपुर की ओर से आ रही बोलेरो क्रमांक सीजी 12 बीसी 3785 को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया, लेकिन वाहन चालक ने पुलिस को देखकर वाहन को वापस मोड़ने की कोशिश की, जिससे पुलिस को शक हुआ। सक्रिय हुई टीम ने वाहन की घेराबंदी की। इसी बीच बोलेरो में बैठा एक व्यक्ति मौका पाकर जंगल की ओर भाग निकला, जबकि वाहन में सवार दो अन्य 24 वर्षीय ओमप्रकाश बसोर पिता फुलचंद राम व 40 वर्षीय मोतीलाल बसोर पिता बुद्धूराम दोनों निवासी ग्राम बगदरी चांदो थाना लखनपुर को हिरासत में लेकर पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें से 80 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ, जिसे बोलेरो में छिपाकर ले जाया जा रहा था। बरामद गांजा की अंतर्राज्यीय बाजार में कीमत करीब 24 लाख रुपए आंकी जा रही है।पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश सरगर्मी से शुरू कर दी है, जबकि पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाया गया और इसकी डिलीवरी कहां की जानी थी। पुलिस ने इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच में जुटी है।पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी), (2) (सी), 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय पेश कर दिया गया है। कार्रवाई में जयनगर थाना प्रभारी टीआई नरेंद्र सिंह, एसआई सोहन सिंह, एएसआई विशाल मिश्रा, प्रधान आरक्षक मुकेश्वर वर्मा, आरक्षक विकास मिश्रा, सुरेश साहू, रवि राजवाड़े, नगर सैनिक मुजाहिद हुसैन, जहांगीर आलम और नोहर साय राजवाड़े शामिल रहे।

Categorized in: