अंबिकापुर। खरीफ 2025 सीजन में किसानों को समय पर उचित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त बीज, खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा सतत निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को विकासखंड अंबिकापुर में जिला स्तरीय कृषि विभाग की टीम द्वारा बीज विक्रय करने वाले विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रमुख रूप से पान कंपनी के धान बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की गहनता से जांच की गई। विक्रेताओं द्वारा वैध अनुज्ञप्ति और स्रोत प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए, जिससे गतिविधियां नियमानुसार पाई गईं। निरीक्षण में दो संस्थानों में अनियमितताएं सामने आईं। संबंधित विक्रेताओं द्वारा किसानों को निर्धारित प्रारूप में बिक्री रसीद, बिल उपलब्ध नहीं कराने की शिकायत पाई गई, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया गया। कृषि विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रतिष्ठानों में उपलब्ध बीज की मात्रा और बिक्री दरों की जानकारी दुकान के बाहर सूचना पटल पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए, जिससे कृषकों को सही जानकारी प्राप्त हो सके और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण में सहायक संचालक कृषि अभिषेक झा, बीज निरीक्षक जे. आलम, कृषि विकास अधिकारी कृपा शंकर यादव एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी हिमांशु गुप्ता उपस्थित रहे।

Categorized in: