परिजन द्वारा हॉस्टल प्रबंधन पर लगाया गया लापरवाही का आरोप

बिश्रामपुर। नगर के एक निजी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने आए मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में आज मौत हो गई है। परिजन द्वारा मामले में निजी हॉस्टल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। गमगीन माहौल में मासूम बच्चे का उसके गृहग्राम में अंतिम संस्कार किया गया।

गौरतलब है कि प्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत डांडकरवां निवासी ग्राम भेड़िया मिडिल स्कूल के हेडमास्टर अनुज प्रसाद पटेल द्वारा अपने बड़े पुत्र 10 वर्षीय विवेक पटेल का इसी नए शिक्षा सत्र में वाड्रफनगर से नाम कटवाकर बिश्रामपुर कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल अंग्रेजी माध्यम में कक्षा 5 वीं में एडमिशन कराया गया था। जिस पर बच्चे को 4-5 जुलाई को यहां लाकर स्कूल के समीप स्थित रेनु त्रिपाठी पति अंबिकेश्वर त्रिपाठी के निजी बीएल हॉस्टल में रुकने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई थी। इसी बीच बुधवार की सुबह जब मासूम विवेक पटेल सुबह करीब 6 बजे सोकर उठा तब थोड़ी देर बाद ही उल्टी होने की शिकायत हॉस्टल प्रबंधन से किया। हॉस्टल प्रबंधन द्वारा तत्काल मासूम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिश्रामपुर में उपचार हेतु ले जाया गया। चिकित्सकों द्वारा यहां पर सर्पदंश की अंदेशा होने पर मासूम को एंटी वेनम इंजेक्शन लगाया गया लेकिन स्वास्थ्य में कोई सुधार न होने पर तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल सूरजपुर में चिकित्सकों द्वारा मासूम को मृत घोषित कर दिया गया। मासूम के मौत होने पर यहां पहुंचे परिजन द्वारा आरोप लगाया गया है कि हॉस्टल प्रबंधन की लापरवाही की वजह से ही मासूम बच्चे की मौत हुई है। परिजन द्वारा हॉस्टल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर जमकर हंगामा मचाया गया। बताया जा रहा है कि यहां पर उक्त निजी हॉस्टल में वर्तमान में 74 बच्चे निवासरत हैं। संभावना जताई जा रही है कि हॉस्टल के बाजू में स्थित मैदान में घास में छिपे जहरीले सांप ने दीवार के सहारे अंदर प्रवेश कर मासूम बच्चे को अपना शिकार बना लिया है क्योंकि मासूम बच्चे का बेड भी दीवार किनारे में ही स्थित था। बताया यह भी जा रहा है कि हॉस्टल सहायिका द्वारा एक जहरीले सांप को हॉस्टल के बरामदे में देखा भी गया है, लेकिन मासूम बच्चे के शरीर पर सांप काटने के कहीं पर भी कोई निशान दिखाई नहीं पड़ रहे हैं। ऐसी स्थिति में पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मासूम के मौत के कारण का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। बताया जा रहा है कि मृतक विवेक पटेल दो भाई थे, जिसमें विवेक पटेल बड़ा था और छोटा भाई वर्तमान में कक्षा 2 री की पढ़ाई गांव पर ही कर रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मासूम बच्चे के गृहग्राम में शोक का माहौल निर्मित हो गया था।

 

अधिकारियों ने किया निरीक्षण

मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर सूरजपुर बीईओ विनोद कुमार दुबे व एबीईओ सुनील पोरते की संयुक्त टीम ने तत्काल उक्त निजी हॉस्टल में पहुंचकर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण में हॉस्टल प्रबंधन द्वारा बताए गए जानकारी को एकत्र कर अधिकारियों की टीम यहां से रवाना हो गई है। जांच रिपोर्ट अब उच्चाधिकारियों को उपलब्ध करा दिया जाएगा। जिसके बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Categorized in: