पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सक द्वारा रुपये मांगने का आरोप

गिरिजा ठाकुर 

अंबिकापुर। रघुनाथपुर पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सिलसिला में रविवार को दिल को दहला देने वाली घटना हुई, जिसमें दो मासूम चचेरे भाइयों की मौत डबरी में डूबने से हो गई। दु:खद पहलू यह है कि समय पर मुक्तांजलि नहीं मिलने के कारण स्वजन पोस्टमार्टम के बाद दोनों मासूम के शव को बाइक से ले गए। स्वजन ने पोस्टमार्टम कर रहे डॉक्टर पर रुपये मांगने का भी आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक ग्राम सिलसिला निवासी दो चचेरे भाई सूरज 5 वर्ष और जुगनू गिरी 5 वर्ष, रविवार को खेलते-खेलते घर से कुछ दूर डबरी के पास पहुंच गए और डबरी में डूबने से दोनों की मौत हो गई। स्वजन को जब इसका पता चला तो वे तत्काल दोनों को डबरी से बाहर निकाले और रघुनाथपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, यहां दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया। इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधन को पुलिस को देनी थी परंतु ऐसा नहीं हुआ। स्वजन दोनों मासूम बच्चों के शव को लेकर घर चले गए। इसके बाद अस्पताल से बच्चों का शव गायब होने को लेकर हड$कंप मच गया। सूचना पर रघुनाथपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्राम सिलसिला पहुंच कर स्वजन को समझाइश दी। इसके बाद दोनों बच्चों के शव को वापस अस्पताल लाया गया। शाम हो जाने के कारण रविवार को बच्चों के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो पाया था।
स्वजन ने लगाया गंभीर आरोप
पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सक ने मृत बच्चों के स्वजनों ने गंभीर आरोप लगाया है। इनका कहना है कि जिस डॉक्टर ने बच्चों के शव का पोस्टमार्टम किया, उसके द्वारा कहा गया कि कल पोस्टमार्टम होता तो पैसा नहीं लगता, आज 10-10 हजार रुपये लगेगा। पोस्टमार्टम होने के बाद स्वजन शव को घर ले जाने के लिए शव वाहन के लिए टकटकी लगाए रह गए। बाद में इन्हें बताया गया कि वाहन अंबिकापुर या धौरपुर से आएगा जिसमें समय लगेगा। हारकर शोकाकुल स्वजन दो बाइक में दोनों बच्चे का शव लेकर अपने घर ले जाने के लिए रवाना हुए।
सीएमएचओ ने कहा-आरोप निराधार
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीएस मार्को ने कहा पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सक के द्वारा रुपये मांगने का आरोप निराधार है। धौरपुर से शव वाहन के आने में आधा घंटे समय लगता है। स्वजन वाहन का इंतजार नहीं किए और बच्चों के शव को अपने साधन से ले गए। स्वजन ने जो आरोप लगाए हैं, उसकी जांच टीम बनाकर कराई जाएगी।

Categorized in: