अंबिकापुर। शहर के हृदयस्थल में मेला संचालक के द्वारा वाहन पार्किंग के नाम पर अवैध तरीके से अपने गुर्गों को रखकर धड़ल्ले से मनमाना वसूली की जा रही है। विरोध करने पर इनके द्वारा वाहन स्वामियों से हुज्जतबाजी ही नहीं, मारपीट की स्थिति निर्मित की जाती है। बिना किसी अनुमति के चल रही अवैध वसूली को रोकने वाला कोई नहीं है, जिससे इनके हौसले बुलंद हैं।

बता दें कि शहर के हृदयस्थल में स्थित कला केंद्र मैदान में आए दिन लोगों के मनोरंजन के नाम पर मेला लगाया जाता है। मेला संचालक के द्वारा मनमाफिक स्थान का उपयोग स्वयं धनअर्जन करने के लिए किया जाता है, इसके एवज में निर्धारित राशि निगम को दी जाती है। मेले में कई व्यवसायियों के द्वारा दुकानें भी लगाई जाती हैं, जिनसे कारोबार के लिए दिए गए स्थान के नाम पर मेला संचालक स्व निर्धारित राशि की वसूली करता है। मेला के जाने के बाद मैदान की दुर्गति देखने को मिलती है। वर्तमान में भी डिजनीलैंड मेला का संचालन कला केंद्र मैदान में किया जा रहा है, जहां वाहन पार्किंग के नाम पर लोगों के जेब में डाका डाला जा रहा है। मेला में आने वाले लोगों से वाहन पार्किंग के नाम पर धड़ल्ले से वसूली की जा रही है, और आम जनता से दुर्व्यवहार किया जा रहा है। डिजनीलैंड मेला में वाहन पार्किंग के नाम पर दोपहिया वाहनों के चालकों से प्रति वाहन 20 रुपये और चार पहिया वाहन के चालकों से 50 रुपये वसूला जा रहा है, जबकि इन्हें नगर निगम से वाहन स्टैंड संचालन के लिए किसी प्रकार की अनुमति नहीं मिली है। यहां मेला संचालक के दर्जन भर गुर्गे सक्रिय नजर आते हैं, जो गलती से कोई वाहन लेकर किसी काम से कला केंद्र परिसर में प्रवेश कर जाए, तो उससे दुर्व्यवहार करते हुए रुपये की मांग करने लगते हैं। इनकी दादागिरी चरम पर रहने से शहर के लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। कहना है कि मनोरंजन के नाम पर लोगों के जेब में डाका डालने का काम किया जा रहा है। कई बार परिवार के साथ गए लोगों को यहां अपयश का सामना करना पड़ता है।

पिकनिक स्पॉटों में भी अवैध वसूली
वर्ष के अंतिम माह की विदाई पूर्व पिकनिक मनाने का दौर शुरू हो चुका है। शहर के करीबी स्थलों में तो रोजाना ही लोगों का आना-जाना लगे रहता है। कोई परिवार के साथ तो कोई दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए प्राकृतिक सुंदरता से आच्छादित स्थलों पर पहुंच रहे हैं। यहां स्वयं सहायता समूहों के तथाकथित कर्ताधर्ता छोटी-बड़ी वाहनों से मनमाना वसूली करने में रमे रहते हैं। हाल में कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम खैरबार में स्थित बाकी डैम मैं पिकनिक मनाने गए लोगों के ऊपर वन विभाग के चौकीदार द्वारा अन्य लोगों के साथ मिलकर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान दहशत फैलाने के लिए चौकीदार ने किसी अस्त्र का उपयोग भी किया। घटनाक्रम की जिस प्रकार की तस्वीर सामने आई है, उसमें पिकनिक स्पॉट पर मूर्छित अवस्था में जमीन पर पड़ा एक युवक नजर आ रहा है।

Categorized in: