बिश्रामपुर। बहन के साथ किराए के मकान में रहकर नेटवर्क मार्केटिंग में फील्ड आफिसर के पद पर काम करने वाली एक युवती बीती रात इलेक्ट्रिक स्कूटी के बैटरी चार्जिंग के दौरान ब्लास्ट होने से गंभीर रूप से झुलस गई है। युवती को गंभीर हालत में उपचार हेतु अंबिकापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि ग्राम पंचायत कुरुवा आमापारा निवासी 23 वर्षीय पार्वती सिंह पिता स्व. हरि प्रसाद पिछले 8-9 महीने से सूरजपुर के चंद्रपुर में एक किराए के मकान में अपनी बड़ी बहन सावित्री सिंह के साथ निवास करके नेटवर्क मार्केटिंग में फील्ड आफिसर के पद पर काम करती थी। परिजन ने बताया कि गुरुवार की रात करीब 11 बजे अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी की बैटरी को वाहन निकालकर कमरे में लाकर चार्ज कर रही थी। तभी अचानक चार्जिंग के दौरान बैटरी फट गई, जिससे युवती गंभीर रूप से झुलस गई। आनन फानन में युवती को तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

Categorized in: