पुलिस ने सूखे तालाब में दफन किए गए शव को किया था बरामद, शिनाख्ती के बाद आरोपी के तलाश में लगी थी पुलिस

अंबिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम भालूकछार में सूखे तालाब में मिली अज्ञात युवती की लाश की गुत्थी पुलिस सुलझा ली है। मृतिका दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा की रहने वाली थी। वह भालूकछार गांव के एक युवक से प्रेम करती थी। रविवार को उसका प्रेमी अंबिकापुर में एक अन्य युवक के साथ उसे घूमते देख लिया था। इससे उसे संदेह हो गया कि इसका कई लोगों से संबंध है। इसके बाद रविवार की शाम को वह युवती को बुलाया और कई लोगों से संबंध रखने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। गुस्से में युवक ने युवती के स्कार्फ से उसका गला घोंट कर हत्या कर दी। इसके बाद उसे घटना स्थल से करीब 700 मीटर दूर कंधे पर लादकर ले गया और भालूकछार स्थित तालाब में गड्ढा खोदकर लाश को गाड़ दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम भालूकछार के सूखे तालाब में अज्ञात युवती की लाश मिली थी। गला दबाकर उसकी हत्या की गई थी। पुलिस युवती व आरोपी की तलाश कर रही थी। गड्ढे से जब युवती का शव बाहर निकाला गया तो उसके हाथ में के लिखा टैटू था। टैटू के आधार पर पुलिस ने युवती की पहचान दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा निवासी सुरेखा बखला के रूप में की। युवती की पहचान के बाद पता चला कि उसका प्रेम संबंध भालूकछार निवासी युवक बुन्देश्वर राम से था। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह बताया कि रविवार की रात को युवती को मिलने के लिए उसके घर से कुछ दूर खेत में बुलाया था। वहीं पर अन्य लडक़ों से संबंध रखने की बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद वह युवती के ही स्कार्प से गला घोंटकर हत्या कर दिया था और शव को कंधे पर टांगकर भालूकछार स्थित सूखे तालाब में लाकर दफन कर दिया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। कार्रवाई में एसडीओपी अखिलेश कौशिक, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक शुभम तिवारी, थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक कैलाश मिर्रे, सहायक उप निरीक्षक भूपेश सिंह, राकेश मिश्रा, संदीप सिंह, महिला आरक्षक अंजलि चौधरी, आरक्षक अभय चौबे, अमित विश्वकर्मा, राहुल सिंह, विवेक राय, संजय केरकेट्टा, अनुग्रह तिर्की शामिल रहे।

राजमिस्त्री का काम करता है आरोपी
आरोपी बुन्देश्वर राज मिस्त्री का काम करता था। रविवार को बुंदेश्वर प्रेमिका को अंबिकापुर में एक अन्य युवक के साथ घूमते देखा और अन्य लडक़ों से संबंध की बात को स्पष्ट करने के लिए उसे मिलने के लिए खेत में बुलाया था। यहां उसने युवती से पूछा कि तुम्हारा कितने लड़कों से संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।

खुदकुशी का रूप देने की कोशिश नाकाम
युवती को गला घोंटकर हत्या करने के बाद आरोपी बुन्देश्वर उसे खुदकुशी का रूप देना चाह रहा था, पर सफल नहीं हुआ। इसके बाद वह शव को कंधे पर टांगकर तालाब तक ले गया और वहां गड्ढा खोदकर दफन कर दिया। घटना के चार दिन बाद गुरुवार को जब गांव वालों ने तालाब में लाश देखा तो मामले का पर्दाफास हुआ। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फावड़ा एवं पल्सर मोटरसाइकिल बरामद किया है। मृतिका का मोबाइल नहर से निकालकर जब्त किया गया है।

Categorized in: