अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में पांच दिवसीय दौरा कार्यक्रम अंतर्गत दुर्ग लोकसभा के सांसद और भाजपा घोषणा पत्र समिति के प्रदेश संयोजक विजय बघेल ने विधानसभा अंबिकापुर के संकल्प भवन भाजपा कार्यालय तथा विधानसभा क्षेत्र लुण्ड्रा के शिव मंदिर प्रांगण रघुनाथपुर में बैठक को संबोधित किया, बैठक में उपस्थित सभी वर्ग के लोगों से उन्होंने घोषणा पत्र के लिए सुझाव मांगे। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने घोषणा पत्र समिति में सरगुजा संभाग से 5 लोगों के शामिल होने की जानकारी दी और कहा कि हम प्रत्येक विधानसभा में जा रहे हैं और सभी वर्ग के लोगों से मिल रहे हैं। हम समाज के सभी वर्ग से मिलकर भाजपा के सरकार से उनकी अपेक्षाओं को जानने का प्रयास कर रहे हंै। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी सरकार बनाने के लिए झूठा घोषणा पत्र बनाई, जनता के साथ छल किया और किया हुआ एक भी वादा पूरा नहीं किया, परंतु भाजपा का घोषणा पत्र सच्चाई और सभी वर्ग के जनभावना पर आधारित होगा। घोषणा पत्र में भाजपा द्वारा किए गए एक-एक वायदे को पूरा किया जाएगा।

विजय बघेल ने आगे कहा कि पूरे देश के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ जैसा छत्तीसगढ़ के कांग्रेस सरकार में हुआ है। कांग्रेस ने सभी वर्ग के कर्मचारियों को धोखा दिया है, नतीजा यह है कि आज सभी विभाग के कर्मचारी सरकार के खिलाफ हड़ताल पर हैं। आजादी के 75 साल में ऐसा कभी नहीं हुआ कि मंत्रालय तक को बंद कर दिया जाए, यहां तक कि राजपत्रित अधिकारी भी हड़ताल पर चले गए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, दैनिक वेतन भोगी व अन्य विभाग के सरकारी कर्मचारी सभी कांग्रेस सरकार में ठगे गए।  पूरे पांच साल केवल हड़ताली सरकार के नाम पर कांग्रेस सरकार जानी जाएगी। उन्होंने कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर मंत्री टीएस सिंहदेव पर तंज कसते हुए कहा पिछले चुनाव में लोगों को गुमराह करने के लिए यहां के बाबा ने घोषणा पत्र जारी किया और सरकार बनते ही यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि मेरा तो कोई सुनता ही नहीं है। अपने निजी स्वार्थ के लिए जनता को गुमराह करते हुए टीएस बाबा ने नाटकीय अंदाज में पंचायत मंत्री पद से इस्तीफा भी दे दिया, स्वास्थ्य मंत्री बने रहे, बाद में उपमुख्यमंत्री का पद लेकर आ गए। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को हताश और परेशान बताते हुए कहा मुख्यमंत्री भी हारेंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि हमारा घोषणा पत्र जनभावना से जुड़ा और समाज के सभी वर्गों के लिए होगा, जिससे सर्वांगीण विकास को गति मिले। उन्होंने घोषणा पत्र के लिए छत्तीसगढ़िया मन के बात बॉक्स में लिखित सुझाव डालने की अपील की। इस अवसर पर महिला समूह, मितानिन, आंगनबाड़ी, छोटे-बड़े व्यवसायी, किसान, श्रमिक, अधिवक्ता, सीए, सब्जी विक्रेता वर्ग, मजदूर वर्ग, किराना दुकान संघ, ऑटो रिक्शा चालक संघ, भजन मंडली संघ, प्रमुख सामाजिक संगठन, पशु पालक, मछुवारा, कर्मचारी, पेंशनधारी, पौनी पसारी, कोटवार, पत्रकार सहित समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और घोषणा पत्र के लिए सुझाव दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता, पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

 

विजय बघेल आज राजपुर में

। भाजपा घोषणा पत्र समिति के प्रदेश संयोजक एवं सरगुजा संभाग के प्रभारी विजय बघेल आज 10 सितंबर को राजपुर प्रवास पर रहेंगे। भाजपा चुनाव घोषणा पत्र समिति सदस्य राम लखन सिंह पैंंकरा ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि श्री बघेल भाजपा के घोषणापत्र को लेकर विभिन्न कर्मचारी संगठनों, पेंशनर संघ, छात्र संगठन, अनियमित कर्मचारी संगठन, महिला संगठनों, स्व सहायता समूहों, व्यवसायी संगठनों, किसान, मजदूर संगठनों, ठेले वालों, ऑटो रिक्शा संगठन, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संगठनों, खेल संगठनों, मजदूर संगठनों सहित समाज के अन्य संगठन प्रमुखों के साथ बैठक कर घोषणापत्र में उनकी मांगों को शामिल करने हेतु उनके सुझाव लेंगे। उक्त सभी संगठनों के पदाधिकारी व सदस्यों, ग्रामीणों, दाई-बहनी, भैया-भाभी, गणमान्य नागरिकों से उन्होंने तय समय पर पहुंच कर भाजपा के घोषणापत्र में कीमती सुझाव देने और सर्वस्पर्शी और सर्व जन हितकारी घोषणा पत्र बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया गया है। भाजपा के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से अपने-अपने मंडल में निवासरत विभिन्न संगठनों से संपर्क कर चर्चा करने और अधिकाधिक संख्या में राजपुर आने का आग्रह किया है, जिससे उनकी मांगों को भी घोषणा पत्र में शामिल किया जा सके।

Categorized in: