अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। सरगुजा के सीतापुर थाना क्षेत्र के ढोढागांव के पास मैनी नदी में चार लोग बह गए जिसमें महिला और बच्चे भी शामिल हैं। 20 घंटे बाद भी इनका पता नहीं चल सका है। नदी में अचानक बाढ़ आ जाने के कारण घटना हुई है। पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई है। मिली जानकारी के मुताबिक सोमारी (45), अंकिता (8), बिनावती नागवंशी (30) और उसका बेटा आर्यस (3), सभी मैनी नदी के किनारे मशरूम इकट्ठा करने गए थे। इलाके में भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और चारों बह गए। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ ने बचाव अभियान शुरू किया। अभी तक उनमें से किसी का भी पता नहीं चल पाया है। जब चारों देर शाम घर नहीं पहुंचे तो उनकी तलाश शुरू की गई। कुछ ग्रामीणों ने उन्हें खेत की ओर से नदी में उतरते हुए दूर से देखा था।

जब रात से लेकर सुबह तक चारों घर नहीं पहुंचे तो जनप्रतिनिधियों के माध्यम से मामले की सूचना केरजू चौकी व सीतापुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही तहसीलदार व पुलिस मौके पर पहुंचे। वहीं एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरु किया। घटना के करीब 22 घंटे बीत जाने के बाद भी चारों का पता नहीं चल सका है। पिछले 4 दिनों से सरगुजा संभाग में मानसूनी बारिश हो रही है। इससे नदियों में पानी भर गया है। जिस जगह पर चार लोगों के बहने की घटना हुई, वह नदी जशपुर-सरगुजा जिले के बॉर्डर क्षेत्र में पड़ता है। गुरुवार को दिनभर रुक-रुककर व पहाड़ी क्षेत्र में मूसलाधार बारिश होने से मैनी नदी में पानी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, इसी बीच यह घटना हो गई।

Categorized in: