मैनपाट के सुगापानी तक पहुंच मार्ग नहीं होने को लेकर सीतापुर विधायक से पूछे गए थे सवाल, उन्होंने सड़क की हालत के लिए पूर्व सरकार पर फोड़ा था ठीकरा

अंबिकापुर। सीतापुर विधानसभा अंतर्गत मैनपाट के ग्राम सुगापानी में आज तक सड़क नहीं बन पाई है। आलम ये है कि यहां एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पाती। बीते दिनों देखने में आया है कि मृत व्यक्तियों के परिजन को कंधे पर लादकर शव गांव तक ले जाना पड़ा है, जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा उन्हें वाहन उपलब्ध कराया गया था। इस मामले में भाजपा-कांग्रेस के जनप्रतिनिधि एक-दूसरे पर ठीकरा फोड़ रहे हैं। सुगापानी में सड़क नहीं बनने के सवाल पर विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा था कि कांग्रेस सरकार इसके लिए जिम्मेदार है। जब सीतापुर के पूर्व विधायक व पूर्व मंत्री अमरजीत भगत से सवाल किया गया तो उन्होंने विधायक पर पलटवार किया।

पूर्व मंत्री अमरजीत भगत का कहना है कि इनको जीतकर आए 4 दिन हुए हैं, वे इस तरह की बात कर रहे हैं। लोगों से पूछिए कि मैनपाट पहुंचने के लिए पहले सड़कों की क्या हालत थी। गांव-गांव में सड़क, बिजली और पानी का काम हमारा कराया हुआ है। सुगापानी के संबंध में उन्होंने कहा कि हमारी सरकार में सड़क का काम प्रस्तावित था, अब भाजपा की सरकार उसे बनवाए, लेकिन उन्होंने इस काम को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। हमने तो कहा है कि चाहे सड़क, बिजली, पानी या स्कूल जतन योजना हो, सभी ब्लॉक में आईटीआई व पॉलीटेक्निक कॉलेज खोलने की बात हो, हमनें काम कराया।

पंजीयन के लिए भटक रहे हैं किसान
अमरजीत भगत ने कहा कि हमारी सरकार रहते हमने इतने धान खरीदी केंद्र खुलवा दिए कि उसमें घूम-घूमकर वे राजनीति कर रहे हैं। किसान इन्हें खोज रहे हैं कि हम पंजीयन कहां कराएं। इनको जितना सिखाया जाता है, सिर्फ उतना बोलते हैं। किसान पंजीयन कराने को भटक रहे हैं। हम जब सरकार में थे तो जितने किसानों ने धान बेचा था उसे हम कैरी फॉरवर्ड कर देते थे। किसी को समिति का चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ती थी। कुछ बोलने से पहले उनकी क्या सोच है, क्या उपलब्धि है, उस पर बात करें।

बिजली बिल देख निकल रहे आंसू
पूर्व मंत्री ने कहा कि हमने राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना से गांव-गांव तक बिजली पहुंचाई। किसानों को समय पर खाद, बिजली, पानी दिया। आज बिजली बिल का क्या हाल है। हमने बिजली बिल हॉफ योजना लागू की थी, आज बिल देख लोगों की आंखों से आंसू निकल रहे हैं। ये लोग क्या बात कर रहे हैं। इनके पास न विजन है और न कुछ करने को है। किसानों का पंजीयन व बिजली बिल हाफ करके ये बताएं।

कुछ काम करके दिखाएं तो शाबाशी दूं
प्रधानमंत्री के राज्योत्सव पर छत्तीसगढ़ आने को लेकर उन्होंने कहा कि ये तो औपचारिक है। जो भी प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री होंगे, वे तो कार्यक्रम करेंगे ही। यहां के लोगों के लिए कोई नई घोषणा हुई, ऐसा तो मुझे कहीं नहीं दिखा। जब तक लोगों को राहत व नई योजना नहीं मिलेगी तो उसके बारे में क्या बोलूं। पूर्व मंत्री से जब ये सवाल किया गया कि भाजपा की सरकार अभी कैसा काम कर रही है? इस पर उन्होंने कहा कि जब तक धरातल पर काम नहीं दिखेगा, हम कुछ नहीं बोल सकते। इनके काम सिर्फ भाषण बाजी तक सीमित हैं। कुछ नया काम कर के दिखाएं तो हम शाबाशी देंगे। बचे हुए वन अधिकार पत्र देने, हाथियों के आतंक से लोगों को बचाने को लेकर कोई समाधान नहीं किया। ऐसे में इनके काम पर मैं क्या बोलूं।

राशन दुकानों से लोगों को नहीं मिल रहा चना
कंप्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर चले गए हैं के सवाल पर अमरजीत भगत ने कहा कि ये सरकार की उपलब्धि है। पहले इसको वे ठीक करें। उन्होंने कहा कि आज जितनी पीडीएस दुकानें हैं, वहां से लोगों को चना नहीं मिल रहा है, हमारे समय में सभी को मिलता था। पता नहीं चना कौन खा गया है?

Categorized in: