अंबिकापुर। बहू के साथ ससुर के द्वारा गालीगलौज करते हुए फावड़ा से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है। मामला अप्रैल 2025 का है, इलाज कराने के बाद महिला अपने ससुर के विरूद्ध रिपोर्ट सनावल थाने में दर्ज कराई है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिला के सनावल थाना अंतर्गत ग्राम तालकेश्वरपुर निवासी लक्ष्मी गुप्ता ने पुलिस को बताया है कि उसका विवाह वर्ष 2016-17 में ग्राम फरीपान थाना बभनी जिला सोनभद्र उत्तर प्रदेश निवासी अरविन्द गुप्ता से हुआ है। शादी के बाद से ही ससुर अंबिका गुप्ता के द्वारा गाली-गलौज करके जान से मार देने की धमकी देकर मारपीट किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर वह अपने मायके ग्राम तारकेश्वरपुर में अप्रैल माह से रह रही थी। 21 अप्रैल को पति अरविंद गुप्ता उसे लेने के लिए आए थे, और उस दिन रुक गए। दूसरे दिन 22 अप्रैल को उसके ससुर अंबिका गुप्ता भी उसे लेने के लिए मायके में आए थे। शाम करीब 5 बजे ससुर उसके बच्चे के साथ घर चलो कहते हुए मारपीट कर रहे थे। बच्चे से मारपीट नहीं करने के लिए कही तो आवेशित होकर ससुर अंबिका गुप्ता गाली-गलौज करते जान से मारने की धमकी देकर फावड़ा, कुदारी से सिर व पीठ में हमला कर दिए, जिस कारण वह बेहोश होकर गिर गई थी। स्वजन उसे वाड्रफनगर स्वास्थ्य केन्द्र ले गए, यहां से प्राथमिक चिकित्सा के बाद रेफर करने पर अंबिकापुर व रायपुर में महिला का इलाज चला। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी ससुर के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: