बाइक सवार की मौत के बाद ट्रक मालिक को तलाशने पर फर्जीवाड़े का हुआ पर्दाफास

अंबिकापुर। ट्रक में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने से हुई मौत के मामले में लखनपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फाइनेंस कम्पनी के बकाया और वाहन सीज होने से बचाने के लिए आरोपी के द्वारा ट्रक में फर्जी नंबर लिखवाकर उसका उपयोग धड़ल्ले से किया जा रहा था। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने वाहन का मूल नंबर प्लेट व लाइसेंस जप्त किया है। पुलिस ने ट्रक को दुर्घटना के बाद लावारिस हाल में पहले ही जप्त कर लिया था।

जानकारी के मुताबिक ग्राम जजगा डोकरनारा की आशा बाई मझवार 13 जनवरी 2023 को थाना लखनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका लड़का करमचंद मझवार अन्य 02 लोगों के साथ मोटरसाइकिल से मानपुर गया था। देर शाम सूचना मिली कि मेन रोड जजगा में पंचायत के पास ट्रक माजदा क्रमांक सीजी 04 एनएम 9953 का चालक मोटरसाइकिल को ठोकर मार दिया है और दुर्घटना के बाद ट्रक छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, यहां करमचंद को जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया था। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 279, 337, 304 (ए) भादवि का मामला कायम किया था। विवेचना के दौरान पुलिस टीम जप्त किए गए ट्रक के बंफर में लिखे गए रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर वाहन स्वामी के तलाश में लगी थी। ट्रक में लिखे गए रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस जब एक ट्रक मालिक तक पहुंचकर पूछताछ की तो पता चला कि उनके वाहन की जप्ती नहीं हुई है। इसके बाद संदेह की स्थिति बनी और पुलिस टीम ने जप्त ट्रक के इंजन नंबर एवं चेचिस नंबर के आधार पर आरटीओ से जानकारी प्राप्त की तो उक्त वाहन क्रमांक सीजी 07 सीसी 7613 नंबर से रजिस्टर्ड होना पाया गया। पुलिस टीम ने वाहन नंबर के आधार पर वाहन मालिक कोमलकान्त पिता सनत कुमार 29 वर्ष निवासी दैमार, थाना पाटन जिला दुर्ग को थाना तलब किया और पूछताछ की तो बताया कि वह दो ट्रक 2019 एवं 2022 में फाइनेंस कराया था। 2019 में लिए ट्रक का किश्त नहीं भर पाने के कारण फाइनेंस कंपनी द्वारा ट्रक को सीज कर लिया गया। दुर्घटनाकारित ट्रक क्रमांक सीजी 07 सीसी 7613 का भी किश्त वह नहीं पटा पा रहा था। गाड़ी को फाइनेंस कंपनी से बचाने के लिए वह मूल रजिस्ट्रेशन नंबर अपने पास रखा था और फर्जी नंबर सीजी 04 एनएम 9953 को गाड़ी के बंफर में पेंट से लिखकर स्वयं चला रहा था। घटना दिनांक 12 जनवरी 2023 को फर्जी नंबर लिखे ट्रक को अंबिकापुर से लेकर रायपुर आ रहा था, उसी समय लखनपुर से कुछ आगे मोटरसाइकिल सवार युवकों का ट्रक से एक्सीडेंट हो गया। आरोपी द्वारा ट्रक में दूसरा फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहन चलाना स्वीकार करने पर पुलिस ने मामले में धारा 420, 467, 468, 471 भादवि जोड़कर आरोपी के कब्जे से ट्रक का मूल नंबर प्लेट जप्त किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर निरीक्षक अश्वनी दीवान, सहायक उपनिरीक्षक नेतराम पैकरा, प्रधान आरक्षक रवि सिंह, आरक्षक जानकी राजवाड़े शामिल रहे।

 

Categorized in: