बिश्रामपुर। नगर पंचायत शिवनंदनपुर में स्थित शासकीय मदिरा दुकान का स्टॉक चेक करने पहुंचे आबकारी आरक्षक से गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दे बियर की बोतल से हमला कर घायल करने के मामले में बिश्रामपुर पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। बिश्रामपुर में दर्ज रिपोर्ट में आबकारी विभाग के मुख्य आरक्षक पारस नाथ गुप्ता ने उल्लेख किया है कि वह जिला आबकारी कार्यालय सूरजपुर में मुख्य आबकारी आरक्षक के पद पर कार्यरत है। 29 मई को वह आबकारी उपनिरीक्षक प्रदीप वर्मा के मौखिक आदेश पर साथी आरक्षक भरत सिंह के साथ शिवनंदनपुर बिश्रामपुर के शासकीय मदिरा दुकान का स्टॉक चेक करने पहुंचे थे। इस दौरान दुकान में वे स्टॉक चेक कर ही रहे थे। तभी दो व्यक्ति दुकान में पहुंचकर उनसे अचानक विवाद करने लगे। इस दौरान दोनों ने उन्हें गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए एक व्यक्ति हाथ में रखे बियर की बोतल से उनके ऊपर हमला कर दिया, जिससे उनके चेहरे सहित शरीर में चोटें आई है और घटना के बाद दोनों वहां से भाग निकले। रिपोर्ट पर बिश्रामपुर पुलिस ने दोनों अज्ञात हमलावरों के ऊपर बीएनएस की धारा 115 (2), 296, 351 (3) के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Categorized in: