बिश्रामपुर | ग्राम पंचायत कल्याणपुर कोटबहरा में जंगली हाथियों का दल पिछले 15 दिनों से जमकर आतंक मचा रहा है। गांव के चारों ओर जंगलों से निकलकर हाथी बस्तियों में घुस रहे हैं, जिससे ग्रामीणों की नींद उड़ी हुई है। हाथियों द्वारा घरों की दीवारें तोड़ दी गई हैं, खेत रौंद दिए गए हैं, और लोगों की हर रात डर के साए में बीत रही है।ग्रामीण अपनी आंखों से खेत में हाथियों को देख रहे हैं, लेकिन बेबसी के साथ, क्योंकि उन्हें रोकने का कोई साधन नहीं। गौरतलब है कि सुरजपुर वन मंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत कल्याणपुर कोटबहरा में पखवाड़े भर से छह सदस्यीय हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों के दल ने गांव के रघुनाथ दास और शेरु नगेसिया के कच्चे मकान को काफी क्षतिग्रस्त कर दिया है। पीड़ित ग्रामीणों के अनुसार रात में अचानक तेज आवाज आई, और जब तक समझ पाते, हाथियों ने पूरा घर की दीवारों को क्षतिग्रस्त कर दिए थे। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के दल द्वारा गांव में धान की रोपा फसल को रौंद दिया है। सब्जी की खेती भी पूरी तरह बर्बाद कर दी है। साथ ही कई ट्यूबवेल और सिंचाई उपकरणों को भी तोड़ दिया है। लोगों ने बताया कि हाथियों की मौजूदगी की वजह से बच्चे स्कूल भी नहीं जा पा रहे हैं, किसान खेतों में काम नहीं कर पा रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वन विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है। विभाग की ओर से न तो कोई निगरानी दल तैनात किया गया, न ही हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने का कोई प्रयास किया जा रहा है।ग्रामीणों की मांग है कि हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा जाए। पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा मिले। फसलों की सुरक्षा के लिए सौर बाड़ या तारबंदी कराई जाए।

Categorized in: