रायपुर। स्वामी विवेकानंद हवाई अड्डे पर बुधवार शाम अचानक तकनीकी खराबी आने के कारण हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह खराबी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीएस) में सिग्नल देने वाले नेविगेशन उपकरण पर बिजली गिरने की वजह से आई और इससे सिस्टम ठप हो गया। इसके चलते रायपुर एयरपोर्ट पर उतरने वाली पांच उड़ानों को दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट करना पड़ा।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि बिजली गिरने से वहां लगा नेविगेशन डिवाइस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उड़ान संचालन पूरी तरह बाधित हो गया। इस बारे में हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शाम को बिजली गिरने से डीवीओआर (डॉपलर वीएचएफ ओमनी डायरेक्शनल रेंज) सिस्टम क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद नेविगेशन सिस्टम पूरी तरह बंद हो गया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद सभी उड़ानों की लैंडिंग रोक दी गई है।

इस दौरान हैदराबाद और कोलकाता से रायपुर आने वाली उड़ानों को भुवनेश्वर भेजा गया, दिल्ली से आने वाली उड़ान भोपाल डायवर्ट हुई, जबकि मुंबई से रायपुर की उड़ान को नागपुर भेजा गया। वहीं, पुणे से आने वाली उड़ान को कुछ देर तक आसमान में ही चक्कर लगाने को कहा गया।

उधर रायपुर से दिल्ली जाने वाली रिटर्न फ्लाइट को भी कैंसिल कर दिया गया है। जिससे रायपुर एयरपोर्ट पर पहले से मौजूद यात्रियों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ा। अधिकारी ने बताया कि विजिबिलिटी क्लियर होने के बाद कल गुरुवार को फ्लाइट रायपुर आएगी। साथ ही अधिकारी ने बताया कि, नेविगेशन डिवाइस की मरम्मत का काम जारी है और कल (गुरुवार) तक उड़ान संचालन फिर से शुरू होने की संभावना है।

अचानक आई इस तकनीकी गड़बड़ी की वजह से यात्रियों को भारी असुविधा हुई। एयरपोर्ट प्रबंधन ने राहत कार्य शुरू करते हुए तुरंत तकनीकी टीम को सुधार कार्य में लगाया। अधिकारियों का कहना है कि मौसम साफ होने और उपकरण के ठीक होने के बाद ही सामान्य उड़ान सेवाएं बहाल की जाएंगी। फिलहाल सभी यात्री सुरक्षित हैं और एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यात्रियों की मदद के लिए विशेष सहायता केंद्र भी बनाए गए हैं।

 

Categorized in: