अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 में दावेदारी के लिए आवेदन देने का सिलसिला बीते शुक्रवार से ही शुरू है। उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की ओर से अंबिकापुर सामान्य सीट से दावेदारी के लिए पार्टी के समक्ष अपना आवेदन सर्वप्रथम प्रस्तुत किया है। इसके बाद अंबिकापुर नगर निगम के महापौर डॉ. अजय तिर्की ने बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर दावेदारी का आवेदन प्रस्तुत किया।
उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव की ओर से उनका आवेदन उनके प्रतिनिधि के रुप में पीसीसी उपाध्यक्ष डॉ. जेपी श्रीवास्तव, पीसीसी महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता के द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंबिकापुर शहर के अध्यक्ष हेमंत सिन्हा एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अंबिकापुर ग्रामीण विनय शर्मा के द्वारा स्वीकार किया गया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 18 अगस्त से 22 अगस्त तक विधानसभाओं के दावेदारों की ओर से आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन विधानसभाओं के ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया जाना है। आवेदन प्रस्तुत करने के प्रथम दिन जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में अंबिकापुर विधानसभा सीट के लिए मात्र उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का आवेदन आया है। उपमुख्यमंत्री की दावेदारी के दौरान समर्थन में बड़ी संख्या में जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्य राजीव भवन में मौजूद थे। जमकर लगे नारों के बीच उनका आवेदन प्रस्तुत किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, महापौर डॉ. अजय तिर्की, मो. इस्लाम, अरविंद सिंह, संजय विश्वकर्मा, संध्या रवानी, सीमा सोनी, सैयद अख्तर हुसैन, दुर्गेश गुप्ता, वीनू जायसवाल, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, अजय सिंह, विकल झा, अशफाक अली, गुरुप्रित सिद्धू, आशीष वर्मा, अनूप मेहता, आलोक सिंह, चंद्रभूषण सिंह, मो. कलीम अंसारी, शमा परवीन, मो. काजू खान, नुजहत फातमा, रुही गजाला, गीता प्रजापति, गीता श्रीवास्तव, पूर्णिमा सिंह, सरला राय, पायल अग्रवाल, शकीला, हिमांशु जायसवाल, राजनीश सिंह, शुभम जायसवाल, रेहान रजा, राजन सिंह, विकास केशरी सहित काफी संख्या में समर्थक मौजूद थे।

डॉ. तिर्की ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को दिया आवेदन

महापौर डॉ. अजय तिर्की ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिला में कांग्रेस के बलरामपुर ब्लॉक अध्यक्ष रिपुजीत सिंह, रामानुजगंज में ब्लॉक अध्यक्ष मधु गुप्ता और रामचंद्रपुर में ब्लॉक अध्यक्ष मो. यासीन से मिलकर अपनी दावेदारी करते हुए आवेदन दिया। इस दौरान उनके समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद थे।

सामरी विस में प्रत्याशियों की होड़, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष को सात ने दिया आवेदन

छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस में टिकट वितरण की प्रक्रिया शुरू होने के बाद सामरी विधानसभा क्षेत्र के लिए टिकट के दावेदारों की होड़ लग गई है। आवेदन प्रस्तुत करने के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बहादुर राम से मार्गदर्शन लेकर उनसे सहयोग की अपेक्षा जताई गई है। पहले चरण में पार्टी ने टिकट के दावेदारों से आवेदन आमंत्रित किया है। विधानसभा सीट से टिकट की इच्छा रखने वालों को आवेदन के साथ पार्टी के सवालों का जवाब देना है।  सामरी विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 08 में वर्तमान में कांग्रेस पार्टी के विधायक चिंतामणि सिंह काबिज हैं, इस सीट पर कांग्रेस पार्टी के कुसमी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरीश मिश्रा के समक्ष शनिवार को कुल सात दावेदारों ने टिकट की मांग की।

Categorized in: