पूर्व उपमुख्यमंत्री ने दपूमरे के जीएम से की मुलाकात, विभिन्न बिंदुओं पर की चर्चा
अंबिकापुर। रेलवे स्टेशन एवं सरगुजा संभाग में रेलवे सुविधाओं में बढोत्तरी के लिए पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के जीएम तरुण प्रकाश से मुलाकात करके उन्हें ज्ञापन सौंपा। दो बिंदु के ज्ञापन में उन्होंने अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पर एक और रेलवे प्लेटफार्म की मांग की, जिसकी रेलवे जीएम ने तत्काल स्वीकृति दे दी है। इसके अतिरिक्त उन्होंने अंबिकापुर से दिल्ली निजामुद्दीन स्टेशन तक चलने वाले साप्ताहिक ट्रेन के एक अतिरिक्त फेरे की मांग भी की है। रेलवे जीएम के साथ चर्चा के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री ने 31 दिसंबर 2024 को रेल मंत्री अश्विन वैष्णव को प्रेषित मांग पत्र को भी उपलब्ध कराया। यह पत्र मुख्यत: सरगुजा संभाग में रेलवे लाइन के विस्तार के साथ ही अतिरिक्त ट्रेन सुविधा को उपलब्ध कराने के संबंधित था। उन्होंने रेलवे जीएम से अंबिकापुर से रेनूकूट, अंबिकापुर से बरवाडीह, अंबिकापुर से झारसुगड़ा और अंबिकापुर से कोरबा रेलवे लाइन के विस्तार पर चर्चा की। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा क्षेत्र में उत्पादित कोयले की ढुलाई से रेलवे को काफी राजस्व मिलता है। इन रेल लाइनों के विस्तार से रेलवे तो लाभान्वित होगा ही साथ ही संभाग के निवासियों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने अनुरोध किया कि रेलवे सरगुजा से प्राप्त होने वाले मुनाफे के साथ ही यहां की जनभावनाओं का भी ध्यान रखें। उन्होंने बतलाया कि अंबिकापुर-रेनुकूट लाइन और अंबिकापुर-कोरबा लाइन को जोड़ने से वाराणसी से विशाखापट्टनम की दूरी कम होगी। चर्चा के दौरान उन्होंने सरगुजा संभाग के नागरिकों की सहूलियत की दृष्टि से नई रेलगाडियों की मांग भी रखी। उन्होंने रेलवे जीएम से अंबिकापुर से रायपुर या गोंदिया तक इंटरसिटी ट्रेन चलाने की मांग की। शहडोल से चलकर नागपुर को जाने वाली ट्रेन का विस्तार अंबिकापुर से करने की मांग की। यह भी सुझाव दिया कि अतिरिक्त रैक की व्यवस्था कर अंबिकापुर-दुर्ग ट्रेन का विस्तार नागपुर तक किया जाए। रेलवे जीएम ने पूर्व उपमुख्यमंत्री के सुझावों को गंभीरता पूर्वक सुना एवं इस विषय में पहल का आश्वासन दिया है। इस दौरान सरगुजा में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग से जुड़े कई जनसंगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

Categorized in: