अंबिकापुर। जनता की समस्याओं के निवारण के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार सरगुजा जिले में 8 अप्रैल से 31 मई तक सुशासन तिहार संचालित किया जा रहा है। पहले चरण में आम लोगों का शिकायत, सुझाव लेने के लिए समाधान पेटी रखी गई है, इसका 11 अप्रैल को अंतिम दिवस रहा। सुशासन तिहार में लोग अपनी, जन समस्या से संबंधित बातों को शासन प्रशासन तक पहुंचाने उत्साहित नज़र आए।
इसी कड़ी में एक ऐसा पत्र वायरल होकर सामने आया है, जिसमें एक युवक ने ससुराल आने-जाने में होने वाली दिक्कत का जिक्र करते हुए एक नग मोटरसाइकिल की मांग की है। हालांकि इस पत्र में नाम का अलग-अलग उल्लेख होना संदेह को जन्म दे रहा है। मैनपाट विकासखंड के कदनई ग्राम पंचायत निवासी अंगेश कुमार ठाकुर ने 10 अप्रैल को सुशासन तिहार के अंतर्गत कथित रूप से दिए गए आवेदन में लिखा है कि ससुराल और हाट-बाजार जाने के लिए उसे एक मोटरसाइकिल की आवश्यकता है, क्योंकि उसके गांव से मेरा ससुराल और बाजार दूर है। मेरी गरीबी हालत को देखकर मुझे एक नग मोटरसाइकिल प्रदान करें। अब मांग तो मांग है, वह चाहे पुल-पुलिया, सड़क, बिजली, राशन, पानी की हो, या फिर मोटरसाइकल की, जिसकी जैसी जरूरत, वैसी मांग। देखना यह है कि शासन इस भोले-भाले ग्रामीण की मांग पूर्ति के लिए क्या कदम उठाता है। सोशल मीडिया में वायरल यह पत्र समाधान पेटी तक पहुंचा है या नहीं, इसकी पुष्टि छत्तीसगढ़ फ्रंटलाइन नहीं करता, लेकिन इंटरनेट मीडिया तक यह पत्र सुर्खियों में छा गया है।
छत्तीसगढ़ शासन ऑटो एजेंसी के नाम पत्र
छत्तीसगढ़ शासन ऑटो एजेंसी के नाम दिए गए पत्र में आवेदक का नाम अगेश कुमार ठाकुर, आवेदक के हस्ताक्षर में योगेश्वर और नीचे दिए गए नाम में योगेश कुमार ठाकुर उल्लेखित है। पत्र समाधान पेटी तक गया या नहीं, यह इसलिए भी अपुष्ट है क्योंकि इसमें प्रभारी अधिकारी का नाम और हस्ताक्षर भी नहीं है।

Categorized in: