मेडिकल कॉलेज अस्पताल में घायलों का चल रहा उपचार, पुलिस जांच में जुटी

अंबिकापुर। दरिमा थाना क्षेत्र में शौचालय बनवा रहे परिवार के पांच सदस्यों पर गांव के ही एक दर्जन से अधिक लोगों ने लाठी-डंडे और टांगी से हमला कर दिया, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार चल रहा है। घायलों में एक की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम पर्री का दिनेश राजवाड़े अपनी जमीन पर शुक्रवार को शौचालय का निर्माण करा रहा था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले भीमराज, मनोहर, लालसाय, प्रवीण, सुमित्रा, रामराज सहित एक दर्जन से अधिक लोगों ने शौचालय बनाने की जगह को अपनी जमीन बताते हुए विवाद और मारपीट करना शुरू कर दिया। आरोपितों ने लाठी, डंडा, टांगी से शौचालय निर्माण करा रहे दिनेश सहित उसकी मां, पिता, भाई व भतीजे पर प्राणघातक हमला कर दिया। मारपीट का वीडियो स्थानीय लोगों ने कैद कर सोशल मीडिया में वायरल किया है। मारपीट में घायल लोग जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर डॉयल 112 को घटना की जानकारी दिए। घटना की शिकायत दरिमा थाने में भी की गई है। सभी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने बताया कि दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम पर्री में जमीन विवाद को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई है। मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के विरूद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Categorized in: