छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में 3 साल की बच्ची से हैवानियत की वारदात सामने आई है। पुलिस ने बताया कि बच्ची का रेप करने और उसकी हत्या करने के आरोप में 14 साल के एक लड़के को हिरासत में लिया गया है। यही नहीं इस जघन्य अपराध में साक्ष्य छुपाने के आरोप में आरोपी के चाचा को भी गिरफ्तार कर लिया है। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि घटना रविवार शाम को सिरगिट्टी में हुई। यह मामला सोमवार को सामने आया।

बताया जाता है कि बच्ची अपने घर के पास खेल रही थी जबकि उसके पिता किसी काम से बाहर गए थे। बच्ची के लापता होने के बाद उसकी मां ने खोजबीन शुरू की। इसी बीच मां को एक पड़ोसी ने बताया कि बच्ची और 14 साल के आरोपी को उसके घर के शौचालय की ओर जाते देखा गया है। यह सुनने के बाद मां के होश उड़ गए। वह किसी अनहोनी की आशंका से शौचालय की ओर भागी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्ची की मां ने शौचालय का दरवाजा बार-बार खटखटाया और आरोपी पर दरवाजा खोलने के लिए दबाव बनाया। तब आरोपी ने दरवाजा खोला। सामने अपनी बच्ची को खून से लथपथ पड़ी देखकर मां के होश उड़ गए। आनन-फानन में बच्ची को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि आरोपी नाबालिग लड़के को हिरासत में ले लिया गया है।

आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। बच्ची का सोमवार को पोस्टमार्टम हुआ। रिपोर्ट में बच्ची के निजी अंगों पर चोट और शरीर पर नाखून और काटने के निशान पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीड़न और POCSO एक्ट के तहत भी आरोप लगाए गए हैं।
आरोपी के चाचा को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के चाचा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 201 (अपराध में सबूतों को गायब करना, या गलत जानकारी देना) की धारा जोड़ी गई है।

Categorized in: