कहा-वर्तमान विधायक को टिकट मिलने पर करारी हार का सामना करना पड़ेगा कांग्रेस को

अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के भटगांव विधानसभा क्षेत्र में पांच वर्ष तक विधायक रहने के बाद सुर्खियां बटोरे मौजूदा विधायक की स्थिति बयां करने व श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त केबिनेट मंत्री शफी अहमद को टिकट देने के समर्थन में भटगांव विधानसभा क्षेत्र से नागरिकों का जनसैलाब उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव से मुलाकात करने पहुंचा। इन्होंने क्षेत्र के विधायक पर कमीशन लेकर काम करने का खुला आरोप लगाया। दो हजार से अधिक की संख्या में पहुंचे विस क्षेत्र के लोगों ने उपमुख्यमंत्री से सीधे बात की और मौजूदा विधायक का विरोध किया।
बता दें कि विधानसभा चुनाव को लेकर बनी सियासी सरगर्मी के बीच सहज व सरल स्वभाव के श्रम कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष शफी अहमद ने भी पार्टी की प्रक्रिया के तहत भटगांव विधानसभा क्षेत्र से अपनी दावेदारी पेश करते हुए आवेदन पेश किया है। इसके पूर्व से वे विधानसभा क्षेत्र की जनता से सिर्फ रूबरू नहीं हुए बल्कि उनके द्वारा सामने लाई जाने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण करने की पहल की, जिससे उनके प्रति आम जनता का जनविश्वास बढ़ा है। सहज तरीके से किसी की बातों को सुनकर इनकी समस्या के त्वरित निराकरण के लिए अफसरों तक बात पहुंचाने का ही परिणाम है कि स्वस्फूर्त भटगांव विधानसभा क्षेत्र की जनता बुधवार की शाम हजारों की संख्या में अंबिकापुर स्थित नारायणी मैदान पहुंची और शफी अहमद को विस क्षेत्र भटगांव से टिकट देने पुरजोर मांग की। क्षेत्रवासियों ने उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव से कहा कि वे वर्तमान कांग्रेस विधायक पारसनाथ राजवाड़े के कार्यकाल से संतुष्ट नहीं है। इस बार अगर उन्हें टिकट मिलता है तो कांग्रेस को बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा। साथ ही कहा शफी अहमद को अगर पार्टी टिकट देती है तो वे उन्हें जिताने के लिए संकल्पित हैं।

Categorized in: