अंबिकापुर। प्रदेश युवा कांग्रेस आरटीआई सेल चेयरमैन हिमांशु जायसवाल ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा प्रदेश की लगभग एक लाख 94 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को साड़ी वितरण के नाम पर किया गया भ्रष्टाचार अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है। जो साड़ियां वितरित की गई हैं, वे निर्धारित मानक, लंबाई में कम पाई गईं, साथ ही उनकी गुणवत्ता इतनी खराब है कि पहनने या धोने पर उनका रंग तुरंत निकल रहा है। यह न केवल कार्यकर्ताओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ है, बल्कि सरकारी धन की खुली लूट भी है।

यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले भी महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों में वितरित सामग्री की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठ चुके हैं। स्वयं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घटिया सामग्री को कलेक्टोरेट पहुंचकर वापस किया था और लगभग 40 करोड़ रुपये के घोटाले की आशंका जताई गई थी। इसके बावजूद सरकार द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं करना और अब साड़ी वितरण में भी इसी प्रकार की अनियमितताएं सामने आना, स्पष्ट रूप से बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। हिमांशु ने कहा कि भाजपा महिलाओं की सम्मान का ढोंग करती है। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े वस्त्रों में भी भ्रष्टाचार किया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार में यह स्थिति दर्शाती है कि संवेदनशील योजनाओं को भी कमीशनखोरी और घोटालों का माध्यम बना दिया गया है। मांग की गई है कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानजनक एवं गुणवत्तायुक्त सामग्री उपलब्ध कराई जाए। यदि सरकार इस मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं करती है, तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।

Categorized in: