प्रतिबंधित आतंकी संगठन आम लोगों को फोन कर भारत की राजधानी दिल्ली में होने जा रहे जी-20 सम्मेलन के आयोजन के दौरान दिल्ली में आतंकी हमले करने की धमकियां दे रहे हैं। दिल्ली के विभिन्न इलाकों में लोगों को ऐसे कॉल आए हैं। स्पेशल सेल, स्थानीय पुलिस और आईबी ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गुरुवार को लक्ष्मी नगर निवासी राजीव कुमार को फोन पर धमकी मिली। फोन करने वाले ने खुद को खालिस्तानी संगठन से होने का दावा किया और जी-20 सम्मेलन के दौरान आईजीआई एयरपोर्ट पर आतंकी हमले करने की धमकी दी।

शीर्ष पदों पर बैठे लोगों पर हमला करने की चेतावनी : फोन करने वाले ने देश के शीर्ष संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों को लेकर भी धमकी दी, जिसके बाद राजीव कुमार ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी।

इन लोगों के पास की गई कॉल : द्वारका साउथ इलाके में शनिवार को 60 वर्षीय बुजुर्ग को फोन पर धमकी भरे संदेश मिले। बुजुर्ग पहले आईबी में कार्यरत थे, लेकिन 2011 में इस्तीफा दे दिया था। अब वे गुरुग्राम स्थित एक फर्म में काम करते हैं। बुजुर्ग ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे उनके मोबाइल फोन पर कॉल आई। खालिस्तानी संगठन का सदस्य बताने वाले कॉलर ने झंडा नहीं फहराने की धमकी दी। इस बुजुर्ग ने पुलिस को सूचना दी।

स्पेशल सेल और आईबी जांच में जुटीं : द्वारका के ही उत्तम नगर इलाके में मेडिकल उपकरण कारोबारी गौरव को भी शनिवार रात करीब नौ बजे फोन पर धमकी दी गई। गौरव ने पुलिस को बताया कि उसे खालिस्तानी संगठन के नाम पर धमकी मिली है। यह सारे मैसेज रिकॉर्डेड थे। स्थानीय पुलिस के अलावा स्पेशल सेल और आईबी ने पूछताछ के बाद जानकारी हासिल कर जांच शुरू कर दी है।

विदेश से इंटरनेट कॉल के जरिए मिल रही धमकी

अभी तक की जांच में सामने आया है कि सभी फोन कॉल के लिए इंटरनेट का इस्तेमाल किया गया है। इसके लिए वर्चुअल नंबर से फोन किया जा रहा है। साथ ही पहले से रिकॉर्डेड मैसेज को सुनाया जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी फोन कॉल विदेश से आ रही हैं। अभी तक की जांच में इनका संबंध मेट्रो स्टेशन पर आपत्तिजनक नारे लिखने वाले संगठन से होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Categorized in: