रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल को कथित शराब घोटाले से जुड़े धन शोधन मामले में ईडी की ओर से गिरफ्तार किए जाने के एक दिन बाद कांग्रेस ने आगे की रणनीति बनाई है। इसके तहत छत्तीसगढ़ कांग्रेस 22 जुलाई को पूरे राज्य में आर्थिक नाकेबंदी करेगी। इस संबंध में पार्टी की बड़ी बैठक कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हुई। इसमें राज्य सरकार, उद्योगपति और केंद्रीय एजेंसियों के खिलाफ 22 जुलाई को पूरे प्रदेश में आर्थिक नाकेबंदी करते हुए चक्काजाम करने का निर्णय लिया गया है।

पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने प्रेस कॉन्फेंस लेकर कहा कि पेड़ कटाई को लेकर नेता प्रतिपक्ष की ओर से विधानसभा में स्थगन प्रस्ताव लाया गया था। इससे ध्यान भटकाने के लिए सुबह छह बजे रेड ईडी की रेड पड़ी। पिछली बार भी रेड मारी गई थी, लेकिन इस बार मैं विधानसभा पहुंचने में सफल रहा। आरोप लगाते हुए कहा कि ये बीजेपी के सोची-समझी रणनीति है। चाहे देवेंद्र यादव हों, सतनामी समाज के नेता हों, उन्हें एक केस में फंसाया गया। आदिवासी की आवाज दबाने के लिये कवासी लखमा को जेल में डाला गया। मेरा बेटा जो राजनीति में भी नहीं है, उसे भी टारगेट किया जा रहा है।

कोई नोटिस नहीं मिला
उन्होंने कहा कि विधानसभा में मुझे जानकारी मिली कि मेरे बेटे को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। दस मार्च के बाद कल सीधे गिरफ्तारी कर ली गई। इस बीच कोई नोटिस नहीं दिया गया। ईडी की इस अवैधानिक कार्रवाई का सभी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध किया है। पेड़ कटाई का विरोध कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व ने किया। कांग्रेस के नेताओं पर चुन-चुन कर कार्रवाई कर रहे हैं। दूसरी तरफ बीजेपी अदानी को छत्तीसगढ़ सौंप देना चाहती है। कल विधानसभा में नारा लगा ‘एक पेड़ माँ के नाम, बाक़ी सब बाप के नाम’। ये किसी एक नहीं पूरे प्रदेश की लड़ाई है।

बीजेपी की सरकार जनता के सामने बेनकाब
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि बीजेपी की सरकार जनता के सामने बेनकाब हो चुकी है। बस्तर से लेकर सरगुजा तक जल, जंगल, जमीन लूट रही है। छत्तीसगढ़ में लॉ एंड ऑर्डर खत्म हो चुका है। सभी मुद्दों पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी सरकार के खिलाफ मजबूती से लड़ रही है।जनता के बीच सरकार की नाकामी स्थापित करने में हम सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक जग, एक चप्पल और एक टीवी की कीमत क्या है, ये पूरी जनता ने देख लिया। पूर्व सीएम बघेल को महादेव सट्टा एप के नाम से बदनाम किया। क्या महादेव एप बंद हुआ? क्या अब तक सौरभ और रवि को सरकार ने गिरफ्तार किया है? नया एप शुरू हो चुका है।

सीएम साय का विरोध करने पर बयान
दूसरी ओर सीएम विष्णुदेव साय ने कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन पर कहा कि अब वे क्या करते हैं, यह तो वही जानें।

Categorized in: