नून के मान बढाबो-सरगुजिहा मन बोट देहे जाबो, जिला प्रशासन की विशेष पहल

अंबिकापुर। जिले में शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को प्राप्त करने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं को वोट का महत्व बताकर मतदान दिवस ०७ मई को वोट देने प्रेरित किया जा रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विलास भोस्कर ने पीजी कॉलेज अंबिकापुर के ऑडिटोरियम में उचित मूल्य दुकान के प्रबंधकों, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित के शाखा प्रबंधको, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों, छत्तीसगढ़ भारत स्काउट गाइड के स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन की बैठक ली। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ एवं स्वीप के नोडल अधिकारी नूतन कंवर, जिला परियोजना अधिकारी एवं स्वीप के नोडल अधिकारी गिरीश गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।


कलेक्टर ने कहा कि सुदृढ़ लोकतंत्र के लिए शत-प्रतिशत मतदान हेतु लोगों को जागरूक करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने पीडीएस दुकानों के संचालकों को हर माह वितरण होने वाले राशन के साथ लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने की अभिनव पहल की शुरुआत की है। नमक एवं चने के पैकेट में ‘नून के मान बढ़ाबो, सरगुजिहा मन बोट देहे जाबो का स्टीकर लगाकर वोट अवश्य करने हेतु लोगों को प्रेरित किया जाना है। इसी तरह सहकारी बैंक में आने वाले कृषकों को कलेक्टर की चिट्ठी प्रदान कर मतदान करने का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मतदान दिवस पर मतदाताओं की अधिक संख्या वाले मतदान केंद्रों में स्काउट-गाइड, एनसीसी, एनएसएस एवं रेड क्रॉस के वॉलिंटियर्स को मतदाता मित्र के रूप में मतदाताओं के सहयोग एवं सुविधा प्रदान करने के लिए नियुक्त किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक वॉलंटियर के लिए एक पहचान पत्र बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वोट की कीमत से अनजान लोगों को प्रेरित करना और महत्व को बताना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने मतदाता जागरूकता हेतु ‘कलेक्टर की  चिट्ठी मतदाताओं के नामÓ को मतदाताओं तक पहुंचाने कहा, ताकि वोट के महत्व के बारे में लोगों को जानकारी मिले।


जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों की भी ली गई बैठक
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिला पंचायत सभाकक्ष में जनपद पंचायत सीईओ, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों की भी बैठक ली। उन्होंने इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र के मतदाताओं को जागरूक करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन की जानकारी दीवार लेखन के जरिए देने, मतदाता पर्ची बांटने के दौरान लोगों से मतदान अवश्य करने की अपील करने कहा। साथ ही मतदान केंद्रों में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा मतदान दिवस पर मतदाताओं को किसी प्रकार की समस्या न हो, इस बात का ध्यान रखें। मतदान केंद्रों में छांव, पेयजल आदि की समुचित व्यवस्था हो, जिससे मतदाता मतदान करने प्रेरित हों।

कलेक्टर की चिट्ठी मतदाताओं के नाम
लोकसभा निर्वाचन २०२४ में शत-प्रतिशत मतदान हेतु कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विलास भोस्कर ने ‘कलेक्टर की चिट्ठी मतदाताओं के नाम के द्वारा जिले के मतदाताओं से मतदान जरूर करने की अपील की है।
हम ०७ मई २०२४ को मजबूत लोकतंत्र बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे, विविधताओं से भरे देश को मजबूत बनाने के लिए एक कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार नेता की आवश्यकता होती है, जो हम सबके शत-प्रतिशत मतदान से ही सफल हो सकता है। हमारे आर्थिक, सामाजिक विकास में हमारे चुने हुए प्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण योगदान होता है, इसके लिए हमें बढ़-चढ़ कर मतदान करना होगा। यह देश बहुत सारी कठिनाईयों से लड़ कर आज इस मुकाम पर पहुंचा है कि हम दुनिया के तमाम देशों के सामने मजबूती से अपना पक्ष रखने में समर्थ हो सके हैं। आज हम चाहे खेल की बात करें या विज्ञान की, कला की बात करें या आर्थिक समृद्धि की, सभी क्षेत्र में आगे हैं। यह संभव हो सका है तो एक मजबूत लोकतंत्र के दम पर। दुनिया में भारत का परचम उसके मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था के कारण ही लहराता है। हम गर्व से कह सकते हैं कि विविध संस्कृतियों से भरे इस देश की सांस्कृतिक एकता ही इसे दुनिया के सामने आगे खड़ा करता है।
देश की आजादी में समाज के सभी वर्ग ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया था। एक मजबूत लोकतंत्र देश को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण होता है और मजबूत लोकतंत्र के निर्माण के लिए युवाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगों, थर्ड जेण्डर सभी समुदाय के लोगों को पूरी तन्मयता से आगे बढऩा होगा, अपने मतदान का शत-प्रतिशत उपयोग करना होगा। हमारा एक-एक मत मजबूत लोकतंत्र को गढऩे में अपना योगदान देता है, इसलिए हमारा यह कर्तव्य बनता है कि संविधान द्वारा दी गई इस अनमोल शक्ति का हम प्रयोग करें और महान गणतंत्र को समृद्ध बनाने में अपना योगदान दें। ०७ मई के दिन मतदान केंद्र की ओर जाएं और अपने मत का जरूर प्रयोग करें।

Categorized in: