बिश्रामपुर। साल के अंतिम दिवस टेस्ट ड्राइव के लिए घर से निकले दो युवकों की कार बिश्रामपुर-भटगांव मार्ग पर कुमदा रेलवे क्रासिंग के समीप यूकेलिप्टस पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। कार में सवार दोनों युवकों को चोटे आई है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि नगर के प्रतिष्ठित कपड़ा व्यवसायी मित्तल क्लॉथ स्टोर के संचालक श्याम सुंदर मित्तल का पुत्र कुश मित्तल व सूरजपुर निवासी हरिओम अग्रवाल का पुत्र सौम्य अग्रवाल दोनों मित्र हैं। साल के अंतिम दिवस कुश मित्तल अपनी नई कार टाटा कर्व सीजी 29 एजी 9262 में सवार ही दोनों टेस्ट ड्राइव के उद्देश्य से करंजी की ओर निकले थे। वहां से वापस घर आते समय बिश्रामपुर-भटगांव मार्ग पर कुमदा रेलवे फाटक एबी 69 के समीप बन रहे ओवर ब्रिज के लिए दिए गए डायवर्सन में जैसे ही कार मुड़ी कार की गति तेज होने से चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार बाजू में नीलगिरी के पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद कार में लगे चारों एयर बैग खुल गए। बाद में राहगीरों द्वारा घटना की सूचना बिश्रामपुर व करंजी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार हेतु अस्पताल ले गए। वाहन को सौम्य चला रहा था, वहीं उसके बाजू सीट पर बैठे कुश मित्तल को गंभीर चोटे आई है। बुधवार को परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए रायपुर लेकर रवाना हो गए हैं। वहीं सौम्य को सूरजपुर के पीआरए अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

ओवर ब्रिज निर्माण के लिए डायवर्सन, अंधेरे के कारण हादसे

बताया जा रहा है कि जिस जगह उक्त हादसा हुआ, वहां रेलवे द्वारा ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। ओवर ब्रिज निर्माण के लिए अभी ठेकेदार ने डायवर्सन दिया गया है। डायवर्सन स्थल पर घनघोर अंधेरा होने ठेकेदार द्वारा निर्माण स्थल पर सुरक्षात्मक उपाय नहीं करने से रोज हादसे हो रहे हैं। मौके पर न तो डायवर्सन का संकेत ही है और न ही पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था परिणाम स्वरूप यहां हादसे हो रहे हैं। देर रात करीब पौने दस बजे उक्त हादसा हुआ है।

Categorized in: