अंबिकापुर। शहर के कोतवली थाना अंतर्गत संजय पार्क के सामने रहने वाली 90 वर्षीय महिला के घर में घुसकर एक महिला व दो पुरूष ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने महिला के कमरे में रखे पेटी से दो जोड़ी सोने का कंगन, दो कान का फूल व 10 हजार रुपये चोरी कर ली। पीड़िता के नाती ने मामले की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार संजय पार्क के सामने रहने वाली 90 वर्षीय कमला देवी घर में अकेले रहती है। इनका देख-रेख नाती धनंजय जायसवाल व इनके स्वजन द्वारा किया जाता है। पांच अगस्त की शाम को वृद्धा अपने घर में अकेली थी। शाम करीब छह बजे अज्ञात महिला व दो पुरूष इसके घर आए और वृद्धा से बातचीत करने लगे। बातचीत में वृद्धा को उलझाकर तीनों ने कमरे में रखे पेटी से दो जोड़ी कंगन, दो नग कान का फूल व 10 हजार रुपये नकदी निकाल कर चले गए। दूसरे दिन सुबह वृद्धा का नाती धनंजय जायसवाल चाय-नाश्ता लेकर आया तो वृद्धा पूरे घटना के बारे में बताई। पीड़िता के नाती ने मामले की रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज कराई है। पुलिस अज्ञात के खिलाफ धारा 380 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Categorized in: