बलरामपुर। जिले के झलरिया गाँव के जंगल से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। सेमरसोत से डौरा जाने वाले मार्ग पर रविवार शाम 72 वर्षीय बुजुर्ग का जला हुआ शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान राजपुर खुटहनपारा निवासी मुंद्रिका सोनी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 7 सितंबर रविवार को दोपहर करीब 12 बजे वे घर से बिना बताए निकल गए थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन सफलता न मिलने पर राजपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
इस बीच सोमवार सुबह पस्ता पुलिस को सूचना मिली कि झलरिया गाँव के जंगल में एक व्यक्ति का जला हुआ शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और परिजनों व ग्रामीणों को बुलाकर शिनाख्त कराई। शव की पहचान मुंद्रिका सोनी के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि मृतक रविवार को शिवम बस में बैठकर बलरामपुर की ओर निकले थे। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जाँच कर रही है।

मुंद्रिका सोनी सोनार समाज के कर्मठ और जुझारू व्यक्ति माने जाते थे। उनकी इस दर्दनाक मौत से स्वजनों समेत पूरे राजपुर क्षेत्र में शोक की लहर है।

Categorized in: