पिता-पुत्र को हाथ जोड़कर पैर छूने कहा, तो बच्चा रोने लगा, भागे कार सवार
अंबिकापुर। पिकअप का हवा निकालने से मना करने पर कार सवारों ने दबंगई दिखाते हुए मारपीट की घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप के चालक और उसके 10 वर्षीय पुत्र से हाथ जोड़कर पैर छूने को कहा। घटना से बालक भयभीत हो गया, और जोर-जोर से रोने लगा। मौके पर भीड़ बढ़तें देखकर कार सवार मौके से भाग गए।
सरगुजा जिला के ग्राम सपनादर, मैनपाट निवासी परमेश्वर राम ने पुलिस को बताया है कि 23 जून को वह अपने निजी काम से अंबिकापुर आया था और पुराना बस स्टैण्ड में अपरान्ह करीब 3 बजे पिकअप वाहन को बस स्टैण्ड में खड़ा करके अपने पुत्र के साथ शिवम होटल में नाश्ता कर रहा था। इसी बीच 3 अज्ञात व्यक्ति आए और पिकअप वाहन का हवा निकालने लगे। जब वह नाश्ता छोड़कर पिकअप के पास गया और हवा निकाल रहे लोगों से हवा नहीं निकालने का आग्रह करके अपनी गाड़ी को हटाने के लिए जैसे ही पिकअप में बैठा तो उक्त व्यक्ति गाली-गलौज करते हुए बगल में खड़ी कार से डण्डा निकाल कर जान से मारने की धमकी देते मारपीट करने लगे। इनकी हरकत से भयभीत होकर वह होटल में घुस गया इसके बाद भी वे मारपीट करते रहे। पिता के साथ हो रही मारपीट से बच्चा भयभीत हो गया। इसके बाद तीनों युवकों ने उसके 10 वर्षीय पुत्र और पिता को हाथ जोड़कर पैर छूने के लिए कहा। जब वह मारपीट करने वालों का पैर छुआ तो बालक जोर-जोर से रोने लगा, जिससे लोगों की भीड़ जमा होने लगी और वे वहां से भाग गये। रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है, और आरोपियों का पहचान करने में लगी है।

Categorized in: