अम्बिकापुर – मनेन्द्रगढ़ (एमसीबी)। नागपुर हाल्ट रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा घटित हो गया जब मनेंद्रगढ़-अम्बिकापुर ट्रेन में चढ़ते समय फिसल जाने से एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया उसके दोनों पैर व एक हाथ कट गया। सूचना पर तत्काल नागपुर पुलिस चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचकर लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल बैकुंठपुर भेजवाया जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। 
 
घटना के संबंध में मिली  जानकारी के अनुसार राजकुमार राजवाड़े निवासी लखनपुर जिला सरगुजा अपने परिवार के साथ अंबिकापुर जाने के लिए नागपुर हाल्ट रेलवे स्टेशन पहुंचा था। जैसे ही मनेंद्रगढ़-अंबिकापुर ट्रेन स्टेशन पर आई, वह चढ़ने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह ट्रेन की चपेट में आ गया जिससे युवक के दोनों पैर और एक हाथ ट्रेन की चपेट में आने से कट गए। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नागपुर चौकी प्रभारी शेषनारायण सिंह, राम रूप सिंह और विनोद तिवारी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत अस्पताल भिजवाया। इस घटना ने रेलवे प्रशासन की बड़ी लापरवाही को उजागर कर दिया है। नागपुर हाल्ट रेलवे स्टेशन में प्लेटफार्म नहीं होने के कारण यात्रियों को चलती ट्रेन में चढ़ना-उतरना पड़ता है, जिससे उनकी जान जोखिम में रहती है। स्थानीय नागरिकों ने लंबे समय से प्लेटफार्म निर्माण की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है । हादसे की खबर मिलते ही परिजन सदमे में हैं। अस्पताल में उनका रो-रो कर बुरा हाल है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम युवक की जान बचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। इस घटना ने स्थानीय लोगों और यात्रियों के बीच आक्रोश पैदा कर दिया है। नागरिकों ने रेलवे प्रशासन से सवाल पूंछा है कि आखिर कब तक इस तरह यात्रियों की जान जोखिम में डाली जाती रहेगी ।

Categorized in: