कार्यकर्ताओं ने कहा-पार्टी विरोधी गतिविधि, भितरघात व जिस समाज को भाजपा से परहेज, उसे ही टिकट क्यों?

भटगांव। सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा में झारखंड से आई धनबाद जिले की निरसा विधायक और भटगांव विधानसभा की पर्यवेक्षक अपर्णा सेनगुप्ता प्रत्याशी घोषित होने के बाद कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेने मंगलवार को भटगांव पहुंची। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने घोषित प्रत्याशी के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। अपर्णा केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर भाजपा के कार्यकर्ताओं से अभिमत लेने भटगांव सामुदायिक भवन पहुंची थी। भटगांव विधानसभा पर्यवेक्षक के सामने कार्यकर्ताओं ने खुलकर कहा घोषित प्रत्याशी को टिकट देने से कार्यकर्ताओं में मायूसी है। प्रत्याशी चयन में योग्यता, कर्मठता सहित अनुभव को दरकिनार कर पिछड़ा वर्ग से एक ही जाति को टिकट दिया गया है। साथ ही कार्यकर्ताओं ने कहा कि जिस समाज ने कुछ महीने पहले प्रस्ताव पारित कर भाजपा को वोट नहीं देने की बात कही थी, उसी समाज को टिकट देना बड़ी चूक है। कार्यकर्ताओं ने अन्य समाज की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया। कार्यकर्ताओं ने पिछले विधानसभा चुनाव में लक्ष्मी राजवाड़े पर विधानसभा चुनाव 2018 के लिए घोषित कांग्रेस प्रत्याशी का प्रचार करने का मामला भी उठाया। भाजपा से टिकट घोषणा होने के बाद कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा पटाखे फोड़ने तथा मिठाई बांटने जैसे मामलों को भी पर्यवेक्षक के समक्ष रखा गया। इनका कहना था कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल व भितरघात करने वाले को टिकट देना कार्यकर्ता हजम नहीं कर पा रहे हैं। महिला प्रत्याशी से आपातकाल जैसी स्थिति में सीधे संपर्क स्थापित नहीं हो पाता है। कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष द्वारा जिला कोर कमेटी से बिना चर्चा किए एक नाम प्रस्तावित करने की बात भी कही। बताया गया कि जिला अध्यक्ष ने प्रत्याशी की घोषणा के बाद क्षेत्र में बिना प्रत्याशी वाला व्यक्तिगत पोस्टर लगाया है, जिसका खूब विरोध हुआ। कार्यकर्ताओं ने कहा घोषित प्रत्याशी रजवार समाज की बैठक में भाजपा को वोट नहीं देने के पारित प्रस्ताव में शामिल थीं। इन सभी बातों को चुनाव पर्यवेक्षक ने ध्यान से सुना वहीं समाज से जुड़े दूसरे भाजपा नेता इस मामले में कुछ कहने से बचते रहे।

Categorized in: