सूरजपुर जिला के तीनों विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशियों का चेहरा सामने आया

अंबिकापुर/सूरजपुर। नवंबर में संभावित विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने सरगुजा जिला के एक विधानसभा सीट व सूरजपुर जिले के तीनों विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं, वहीं बलरामपुर जिला के रामानुजगंज विधानसभा सीट में प्रत्याशी के चेहरे में बदलाव न करते हुए प्रत्याशियों को सामने ला दिया है। इसके साथ ही दावेदारी पर विराम लग गया है। इस घोषणा के साथ जहां टिकट हासिल करने वाले नेताओं के समर्थकों में जश्न का माहौल है वहीं अन्य जो दावेदारी की दौड़ में थे, उनके समर्थकों में मायूसी है। टिकिट का ऐलान होते ही भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया और प्रत्याशियों की मौजूदगी में जश्न की अदायगी की गई।

सूरजपुर जिला के तीनों विधानसभा सीट के लिए हुई प्रत्याशियों की घोषणा पर नजर डालें तो प्रेमनगर सामान्य सीट से एक बार फिर आदिवासी चेहरे पर तो भटगांव से पिछड़ा वर्ग चेहरे पर दांव खेला है। यह दांव कितना कारगर होगा और पहले एलान का कितना लाभ पार्टी को मिल सकेगा यह तो आने वाले वक्त में पता चलेगा, पर पिछली बार इन दोनों सीटों में भाजपा को करारी हार मिली थी। इस हार की वजह से ही जिले की तीनों सीटों पर नए चेहरे मैदान में उतारे गए हंै, जिसमे दो महिलाएं है। प्रेमनगर के दावेदार भूलन सिंह मूलत: रामानुजनगर ब्लॉक के ग्राम पटना के रहने वाले हैं, वे लगातार 15 वर्ष तक गांव के सरपंच रहे। साथ ही जनपद सदस्य, जिला पंचायत सदस्य भी रहे। हालांकि पिछले चुनाव में वे जिला पंचायत सदस्य का चुनाव हार गए थे। उनकी नजदीकी आरएसएस से भी है। वे 1995 से राजनीति में सक्रिय हैं। लक्ष्मी राजवाड़े युवा नेत्री हैं, महज 30 वर्ष की उम्र में जनपद पंचायत सदस्य के साथ वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य हंै, वे भी संघ में सक्रिय रहीं है।
लुंड्रा विधानसभा से प्रबोध मिंज प्रत्याशी घोषित

भाजपा ने सरगुजा जिले के लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र के लिए चिरपरिचित चेहरे प्रबोध मिंज को मैदान में उतारा है, जो पंचायत से लेकर नगर निगम अंबिकापुर के महापौर के रूप में अपने दायित्व का निर्वहन करते रहे। मिलनसार छवि होने के कारण पक्ष व विपक्ष के साथियों के बीच भी उनकी पैठ है। वर्तमान में वे नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष हैं। वर्तमान में इस विधानसभा क्षेत्र के विधायक कांग्रेस से डॉ. प्रीतम राम हैं। प्रबोध मिंज के चुनावी रण में उतरने से इस विधानसभा चुनाव में टकराहट की स्थिति बनने का पूर्व संकेत भाजपा ने प्रत्याशी का चेहरा सामने लाकर दे दिया है।

रामानुजगंज से रामविचार नेताम मैदान में

बलरामपुर जिला के रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र से चिरपरिचित चेहरे रामविचार नेताम को पुन: प्रत्याशी घोषित किया गया है। वे भाजपा के शासनकाल में मंत्री पद के दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं और वर्ष 1991 से पाल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़कर उन्होंने अपने राजनैतिक कैरियर की शुरूआत की थी। उन्होंने अपने राजनैतिक जीवनकाल में संगठनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूर्व राज्यसभा सांसद के रूप में भी उन्होंने सफल कार्यकाल पूरा किया।

Categorized in: