अंबिकापुर। शहर के एक निजी अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करने वाली युवती के साथ छेड़छाड़ व दुष्कर्म करने का प्रयास करने के मामले में मणिपुर थाना पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।
गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाली युवती ने पुलिस को बताया है कि वह बाबूपारा में स्थित निजी अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करती है। 09 मई को नाइट ड्यूटी करने अस्पताल आई थी। इस दौरान अस्पताल में काम करने वाला विरेन्द्र रात करीब 1 से 3 बजे के बीच उसे ओ.टी. कॉम्पलेक्स में डायपर चेंज करने के नाम पर ले गया। यहां आने के बाद उसे लेबर रूम में धक्का देकर ले गया और बदनियति से उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए नीचे कम्बल बिछाने लगा। वह मौके से किसी तरह भागकर नीचे आ गई। इस दौरान वह उसके पीछे-पीछे आया और धमकी देते हुए किसी को कुछ बताने पर नौकरी से निकलवा देने की धमकी देने लगा। रात में भयवश वह किसी को कुछ नहीं बताई। सुबह वह रिसेप्शन के कर्मचारी को घटना की जानकारी दी, इसके बाद घर चले गई थी। 10 मई को वह अस्पताल में काम करने के लिए नहीं गई, तो हॉस्पिटल की इन्चार्ज फोन लगाकर काम पर नहीं आने का कारण पूछी तो वह उसे रात में हुए घटनाक्रम की जानकारी दी। 11 मई को वह अस्पताल के संचालक को घटना के बारे में बताई तो उन्होंने अपनी तरफ से किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की और अस्पताल की बदनामी होने की बात कहते हुए किसी से कुछ नहीं बताने के लिए कहा। इसके बाद अस्पताल के कर्मचारी की हरकत से खुद को आहत महसूस कर रही युवती मणिपुर थाना पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले में आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज करके अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Categorized in: