भाजपा कार्यालय में अंबिकापुर-लुण्ड्रा विधायक की संभागीय पत्रकारवार्ता

अंबिकापुर। भाजपा कार्यालय में संभागीय प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल व लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि महादेव ऐप की जांच कांग्रेस शासन में प्रारंभ हुई थी, ऐसा छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार का दावा था। प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद जांच कार्रवाई आगे बढ़ी तो कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है। भाजपा पर पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने गंभीर आरोप लगाए हैं जबकि इस कार्रवाई का लोकसभा चुनाव से कोई संबंध नहीं है। ईडी, ईओडब्ल्यू कार्रवाई कर रही है। भाजपा दोषियों को सजा दिलाने में पीछे नहीं हटेगी, निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा।

द्वय विधायक ने आगे कहा कि युवा पीढ़ी को बर्बादी की कगार पर ले जाने, बुरी लत में फंसाने के लिए बड़ा कारोबार चल रहा था, युवा भटक रहे थे। भिलाई व आसपास के लोग पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व इनके अधिकारियों के संरक्षण में महादेव ऐप चला रहे थे। दिल्ली तक यह मामला गया और ईडी की कार्रवाई एक-एक तथ्य को खंगालने के बाद शुरू हुई। इसके बाद 508 करोड़ रुपये का बड़ा मामला सामने आया। ईडी की जांच में सामने आया असीमदास नाम के व्यक्ति के कब्जे से बरामद 5.39 करोड़ रुपये भूपेश बघेल को पहुंचाने के लिए दिया गया था। बयान के बाद ईडी ने ईओडब्ल्यू को अग्रिम जांच, कार्रवाई के लिए आदेशित किया है। इसमें संदेही के रूप में भूपेश बघेल का नाम 19 लोगों की सूची में शामिल है। लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि जब महादेव की तेज दृष्टि खुलती है तो वे भला-बुरा करके रहते हैं। भूपेश बघेल का यह कहना कि छत्तीसगढ़ और दिल्ली में भाजपा की सरकार है, उन्हें हराने के लिए भाजपा के द्वारा ऐसी कार्रवाई का हिस्सा बनाया जा रहा है, आरोप अनर्गल है। जांच एजेंसियां अपना काम करने में लगी है। भूपेश बघेल सीएम रहे, इस दौरान तमाम भ्रष्टाचार के मामले सामने आए हैं। ईडी की कार्रवाई दौरान सामने आए मामले आसान रहते तो इनके अधिकारी अब तक आरोपमुक्त हो गए होते। कांग्रेस सरकार में शक्तिशाली रहे नेताओं और अफसरों पर अन्य मामलों में भी लगाए गए आरोप इतने अधिक मजबूत हैं कि सुप्रीम कोर्ट तक इन्हें जमानत नहीं दे रहा है। महीनों से सभी जेल में बंद हैं। बार-बार जमानत मांगने के लिए पहुंचने पर सुप्रीम कोर्ट ने तो कोयला घोटाला के अभियुक्त पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगा दिया था। उन्होंने कहा चोर मचाए शोर की स्थिति बनी हुई है। भाजपा जनता के वोट से चुनाव जीतती है। पत्रकारवार्ता के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, त्रिलोक कपूर कुशवाहा, महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, विश्वविजय सिंह तोमर, संतोष दास, रूपेश दुबे, मधुसुदन शुक्ला, प्रेमानन्द तिग्गा सहित अन्य उपस्थित थे।

भूपेश बघेल सही हैं तो करें ईओडब्ल्यू का सामना
भूपेश बघेल ने सरकार में आते ही राजनीतिक द्वेषवश फर्जी मुकदमों की बौछार कर दी थी। दर्जनों एसआइटी गठन कर दिया था। बिजली कटौती का पोस्ट फेसबुक पर लिखने तक के लिए राजद्रोह का मुकदमा किया जा रहा था, किंतु कोई मुकदमे न्यायालय में टिक नहीं पाए, लगभग सारे एसआइटी को न्यायालय ने गलत माना। उच्च न्यायालय ने यहां तक टिप्पणी की, मुकदमे राजनीतिक द्वेषवश दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा भूपेश बघेल सही हैं तो उन्हें ईओडब्ल्यू का सामना करना चाहिए। जनता को भरमाने और भाजपा पर आरोप लगाने से कुछ नहीं होगा। पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य विभाग, स्वामी आत्मानंद स्कूलों के नाम पर भी करोड़ों का भ्रष्टाचार किया गया है। अंत में उन्होंने कहा जनता ने कांग्रेस की सारी कारगुजारी और इनके कुशासन व भाजपा के सुशासन को देखा है। भाजपा छत्तीसगढ़ में पूरे 11 लोकसभा सीटों से चुनाव जीतेगी।

Categorized in: