पूर्व में पुलिस ने कार सवार तस्कर से 10 लाख का इंजेक्शन बरामद किया था
अंबिकापुर। प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन की तस्करी के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम पूर्व में मामले में 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
जानकारी के मुताबिक थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने पूर्व में 17 जून को चठिरमा रोड में वाहनों की जांच के दौरान लटोरी की ओर से आ रही सफेद रंग की अल्टो कार क्रमांक जेएच 01 डीसी 3645 के चालक पंकज धर दुबे पिता विनोद धर दुबे 28 वर्ष निवासी अचला नवाडीह, थाना गढ़वा झारखण्ड के कब्जे से 3000 नग प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन बरामद किया था, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये थी। पूछताछ में आरोपी ने संतोष कुमार महतो 49 वर्ष निवासी रजडेरवा ड़ाल्टेनगंज जिला पलामु झारखण्ड ने ज्योति मेडिकल दुकान चंदवा लातेहार एवं पंकज कुमार सिंह 42 वर्ष निवासी ग्राम बेनी माली औरंगाबाद बिहार हाल-मुकाम नबीनगर औरंगाबाद बिहार के भारत मेडिकल नबीनगर से नशे का इंजेक्शन व दवा लाकर अंबिकापुर में खपाने की जानकारी दी थी। पुलिस टीम ने आरोपी संतोष कुमार महतो एवं पंकज कुमार सिंह को पूर्व मे गिरफ्तार करके जेल भेजा गया था। अग्रिम जांच दौरान स्थानीय स्तर पर नशीले इंजेक्शन की बिक्री करने के मामले में मो. गुरफान सिद्दीकी की संलिप्तता सामने आई थी। पुलिस टीम ने मो. गुरफान सिद्दीकी 45 वर्ष निवासी इमलीपारा अंबिकापुर को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो उसने पंकजधर दुबे से प्रतिबंधित नशीला इंजेक्शन प्राप्त कर स्थानीय स्तर पर बिक्री करना स्वीकार किया। आरोपी नशे का इंजेक्शन प्राप्त करने के लिए पंकज धर दुबे के बैंक खाता में रुपये ट्रांसफर करता था। पुलिस टीम ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जप्त किया है। आरोपी को धारा 22 (सी) एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत मामला दर्ज करके न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, उपनिरीक्षक रश्मि सिंह, आरक्षक अरविन्द उपाध्याय, ऋषभ सिंह, अतुल सिंह, साइबर सेल से आरक्षक रमेश राजवाड़े, सैनिक अनिल साहू शामिल रहे।

Categorized in: