गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। बलरामपुर जिले में छह सितंबर को एक महिला की हत्या घर में कर दी गई। इसकी रिपोर्ट दर्ज कराने मृतिका का पुत्र अपनी पत्नी के साथ गया। पुलिस जांच में जुटी तो पता चला हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि उसकी बहू ने ही किया है। बहू को शक था कि उसकी सास उस पर जादू टोना करती है, इसलिए उसने ये कदम उठाया। पुलिस ने आरोपित बहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला जिले में रघुनाथ नगर थाना क्षेत्र के सरना गांव के पटेल पारा का है। सात सितंबर को मृतका के पुत्र रामवदन सिंह ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसकी मां की बीती रात घर पर अचनाक मौत हो गई है, जिस पर पुलिस मौके पर जाकर जांच की तो मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। थाने में मृतिका का पुत्र रामवदन ने पुलिस को बताया कि उसकी मां रात में खाना खाकर अपने कमरे में अकेले सोने गई थी। रात में उसकी मां अपने आप बड़बड़ाते रहती थी, लेकिन घटना के दिन कमरे से कोई आवाज नहीं आ रही थी। अगले दिन सुबह जब वह मां के कमरे में गया तो उसकी मां मृत अवस्था में पड़ी थी। पुलिस ने बताया कि मृतका के बेटे की रिपोर्ट के आधार पर जब मौके पर पहुंच मुआयना किया गया तो जिस कमरे में शव मिला था, उस कमरे में गोबर से लिपाई कर दी गई थी, ताकि सबूत को छिपाया जा सके। हत्या को लेकर पुलिस ने घर वालों के अलावा अन्य लोगों से पूछताछ की, इस दौरान जानकारी मिली कि सास-बहू का अक्सर झगड़ा होता था। इसके बाद बहू से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ शुरू की तो उसने हत्या करना कबूला। उसे अपनी सास पर जादू-टोना करने का शक था, जिसके कारण उसके बेटे की पिछले वर्ष मृत्यु हो गई थी। इसके कारण उसने पहले अपनी सास के सिर पर डंडे से प्रहार किया, फिर गला दबाकर मार दी और खून के धब्बे सहित अन्य साक्ष्य को मिटाने के लिए कमरे की गोबर से लिपाई कर दी थी। पुलिस ने बहू को धारा 302 के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Categorized in: