प्रदेश स्तर पर 40 करोड़ के सामानों की खरीदी में गुणवत्ता का नहीं रखा ख्याल
अंबिकापुर। महिला एवं बाल विकास विभाग में प्रदेश स्तर पर 40 करोड़ रुपये की घटिया सामानों की खरीदी सुर्खियों में आने के बाद आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचे सामानों के गुणवत्ता की जांच टीम ने की और इन सामानों को वापस जमा कराया जा रहा है। सरगुजा जिले में भी इन सामानों को महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यालयों में सहेजने का सिलसिला शुरू हो गया है। आंगनबाड़ियों में घटिया सामान खरीदी का मामला सामने आने के बाद घेरे में आई महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देशन में बनाई गई जांच कमेटी ने अनाज कोठी, आलमारी, बर्तन, कुर्सियों के गुणवत्ता की जांच की थी। आरोप लग रहा था कि महिला एवं बाल विकास विभाग में सप्लायरों से मोटी रकम लेकर 40 करोड़ रुपये के घटिया सामानों की खरीदी की गई और इन्हें आंगनबाड़ियों में सप्लाई किया गया है, जिसमें सप्लायर और कमीशनखोर मालामाल हो गए।
बता दें कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए आंगनबाड़ी केन्द्रों में मांग के अनुरूप अनाज की कोठी, फर्नीचर, बर्तन, सेनेटरी मशीन, वजन मापने की मशीन, नेल कटर, टब, साबुन, वाशिंग पावडर, झाड़ू सहित जरूरी सामानों की सप्लाई रायपुर स्तर पर पोर्टल के माध्यम से की गई है। इन सामानों की गुणवत्ता सप्लाई के साथ सवालों के घेरे में आ गई। घटिया सामानों को आंगनबाड़ी केद्रों में पहुंचने के बाद जब आरोप-प्रत्यारोप लगे तो महिला एवं बाल विकास की मंत्री पहले तो अपनी ही बातों को लेकर सवालों के घेरे में आ गईं, बाद में जांच की बात होने लगीं। सवाल इस बात को लेकर भी उठ रहे थे कि आंगनबाड़ी केन्द्रों में सामान सप्लाई करने के बाद उसका भौतिक सत्यापन क्यों नहीं किया गया? सामानों की सप्लाई के लिए तय सरकारी मापदंडों का पालन क्यों नहीं किया गया? जांच टीम ने जब जांच में पाया अनाज की कोठी सहित अन्य सामान निर्धारित मानक से कमजोर हैं, तो जांच कमेटी बनाने की खानापूर्ति करके गड़बड़ी करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई के बजाए सामानों को बटोरने का सिलसिला शुरू हो गया है।
प्राप्त सामग्रियों की संख्या का हमने किया सत्यापन
जिला कार्यक्रम अधिकारी अतुल परिहार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बजट में किए गए प्रावधान के अनुरूप सरगुजा जिला में भी सामानों की सप्लाई रायपुर से की गई है। हमने सिर्फ प्राप्त सामग्रियों की संख्या का सत्यापन किया है। सप्लाई सामानों में गुणवत्ता में क्वालिटी कंट्रोल की टीम ने कमी पाया है, इसके बाद आंगनबाड़ियों को भेजी गई सामग्री वापसी के लिए कदम उठाया गया है। सरगुजा जिला में कुल 2532 आंगनबाड़ी केन्द्र हैं, इनमें से आंगनबाड़ियों में जरूरत व बजट के अनुरूप सामग्री की आपूर्ति की गई है।

Categorized in: