दैहिक शोषण की रिपोर्ट के बाद आरोपी ने थामा था युवती का हाथ

अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के प्रेमनगर थाना अंतर्गत शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने के मामले में पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है। मामला पूर्व में भी पुलिस तक पहुंचा था और आरोपी युवक थाने में ही गांव के प्रमुख लोगों के मौजूदगी में उसे मंगलसूत्र पहनाकर अपने साथ पत्नी बतौर रखना स्वीकार किया था। बाद में वह रायपुर जाने के नाम पर गायब हो गया। पति के गांव वापस आने की खबर मिलने पर पत्नी जब अपने ससुराल गई तो उसे जान से मार देने की धमकी देकर आरोपी पति घर से भगा दिया।

पुलिस थाना प्रेमनगर में पीड़ित युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि वर्ष 2019 में ग्राम बकिरमा निवासी शिवप्रसाद राजवाड़े पिता नन्दु राम बहला-फुसलाकर शादी का झांसा देते हुए उसके साथ कई महीने तक जबरन संबंध बनाया और 23 अगस्त 2019 को अन्य लड़की से विवाह कर रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर वह थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाना बुलाया था, जिस पर गांव के गणमान्यजन भी थाना पहुंचे थे। गांव के प्रमुख लोगों की समझाइश पर युवक ने थाने में ही सबके सामने युवती को पत्नी के रूप में स्वीकार करते हुए गले में मंगलसूत्र डालकर उसका दामन थामा और अपने घर ले गया था। एक माह तक अपने साथ रखने के बाद वह पत्नी को रायपुर में काम करने के लिए जाने और रूम लेने के बाद उसे साथ लेकर जाने का झांसा दिया। युवक ने पत्नी से अपने मम्मी-पापा से आने-जाने के लिए कुछ रुपये मांग कर देने के लिए कहा था। पति शिवप्रसाद के बातों में आकर वह अपनी मां से 7 हजार रुपये मांग कर दे दी और वह कथित रूप से रायपुर चले गया। इसके 2-4 दिन बाद ही वह अपना मोबाइल बंद कर दिया और पत्नी से बातचीर्त करना भी छोड़ दिया। इधर शिवप्रसाद के घर वालों ने युवती को परेशान करना शुरू कर दिया, जिस पर वह ससुराल से अपने मायके आ गई थी और पति के घर वापसी का इंतजार कर रही थी। गांव के लोगों से पति के वापस आने की जानकारी मिलने पर जब वह अपने ससुराल गई, तो शिवप्रसाद उसे देखते ही गाली-गलौज करके घर से निकाल दिया और दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। युवती का आरोप है कि उसका पति विवाह करके दूसरी पत्नी के साथ निवास कर रहा है। पुलिस ने आरोपी शिवप्रसाद के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।  

Categorized in: